
बरेली। माघ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को रामगंगा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ स्नान किया। घने कोहरे और हल्की बारिश के बावजूद सुबह 4 बजे से ही चौबारी घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। प्रशासन के अनुसार सुबह 10 बजे तक करीब 30 हजार श्रद्धालु स्नान कर चुके थे, जबकि पूरे दिन में 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं के स्नान का अनुमान रहा।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठान भी किए। भारी भीड़ के बावजूद स्नान कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन लगातार निगरानी करता रहा।
माघ पूर्णिमा को लेकर शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू रहा। ट्रैफिक डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया गया, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही। दिल्ली, रामपुर, बदायूं, नैनीताल और पीलीभीत रूट से आने वाले भारी वाहनों को बड़े बाईपास के रास्ते डायवर्ट किया गया। रामगंगा की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह रोक रही। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई थी, जिसका प्रभावी रूप से पालन हुआ। वहीं सीओ द्वितीय सोनाली मिश्रा ने घाटों और ट्रैफिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्था के चलते माघ पूर्णिमा का स्नान पर्व बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हुआ।
Updated on:
01 Feb 2026 05:45 pm
Published on:
01 Feb 2026 05:44 pm

बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
