17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शत्रु संपत्तियों पर बने पुलिस थाने और मंदिर, 15 दिन में डीवीसी का अल्टीमेटम, जिले भर में 220 शत्रु सम्पत्ति

जिले की शत्रु संपत्तियों पर कलेक्ट्रेट में हुई उच्चस्तरीय बैठक में साफ कर दिया गया कि लंबित प्रकरण अब और नहीं चलेंगे। 220 शत्रु संपत्तियों में से 177 के वेस्टिंग ऑर्डर मिल चुके हैं, 135 का अमलदरामद हो चुका है और 120 से अधिक संपत्तियों की डीवीसी (डिस्ट्रिक्ट वैल्यूएशन कमेटी) पूरी कर ली गई है।

2 min read
Google source verification

बरेली। जिले की शत्रु संपत्तियों पर कलेक्ट्रेट में हुई उच्चस्तरीय बैठक में साफ कर दिया गया कि लंबित प्रकरण अब और नहीं चलेंगे। 220 शत्रु संपत्तियों में से 177 के वेस्टिंग ऑर्डर मिल चुके हैं, 135 का अमलदरामद हो चुका है और 120 से अधिक संपत्तियों की डीवीसी (डिस्ट्रिक्ट वैल्यूएशन कमेटी) पूरी कर ली गई है। शेष मामलों पर 15 दिन में कार्रवाई पूरी करने का अल्टीमेटम दे दिया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 106 शत्रु संपत्तियों को डीबीसी में भेजा जाना है और 85 का नामांतरण शेष है। तहसील सदर में 11 डीवीसी प्राप्त हुई हैं, लेकिन नगर निगम की 45 डीवीसी अब भी लंबित हैं। बहेड़ी में सात वेस्टिंग ऑर्डर अभी प्रक्रियाधीन हैं। महेशपुर अटरिया की संपत्ति पर अलग स्थिति सामने आई कि एक ही गाटा के मिनजुमला में विभाजन के कारण कुल सात डीवीसी तैयार की गईं। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि विभाजित गाटों की एकीकृत पार्ट-वार डीवीसी बनाई जाए, ताकि भ्रम खत्म हो।

कब्रिस्तान, मंदिर और थाना, कैसे होगा मूल्यांकन

सबसे बड़ा सवाल आंवला क्षेत्र में उठा, जहां 13 शत्रु संपत्तियों में नलकूप, पुलिस थाना, स्कूल और मंदिर बने होने की बात सामने आई। मूल्यांकन समिति को स्पष्ट आदेश है कि इन सार्वजनिक उपयोग वाले हिस्सों को अलग रखते हुए शेष जमीन का दोबारा आंकलन किया जाए और निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट दी जाए। महेशपुर अटरिया के कुछ गाटों पर कब्रिस्तान भी मौजूद है। इन मामलों में शत्रु संपत्ति कार्यालय, लखनऊ से मार्गदर्शन लेकर आगे बढ़ने को कहा गया है।

कोर्ट केस भी नहीं बनेंगे ढाल

प्रशासन ने दो टूक कहा कि जिन संपत्तियों पर न्यायालय में वाद लंबित हैं, उनका भी जिला मूल्यांकन समिति से मूल्यांकन कराया जाएगा। आंवला में गलत बंटवारे के मामले में 15 दिन में पुनर्स्थापना प्रार्थना पत्र दाखिल कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

81 संपत्तियों के दस्तावेज भेजे गए, आदेश मिलते ही नामांतरण
लखनऊ कार्यालय को 81 शत्रु संपत्तियों के डिमांड वेस्टिंग दस्तावेज भेजे जा चुके हैं। आदेश प्राप्त होते ही नामांतरण के साथ डीवीसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।