
बरेली। राजनीति और प्रशासन के लिहाज से बरेली अगले दो दिनों तक पावर सेंटर बना रहेगा। शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद शहर पहुंचेंगे, जबकि रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर का आगमन तय है। दौरे के दौरान शोक संवेदना के साथ-साथ विकास योजनाओं की गहन समीक्षा और अफसरों के साथ अहम बैठकें होंगी।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह पीलीभीत बाइपास स्थित शक्ति नगर कॉलोनी में दिवंगत विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के आवास पर जाकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे। वहां से सर्किट हाउस पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
करीब एक बजे उप मुख्यमंत्री जी-रामजी अधिनियम-2025 को लेकर प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसके बाद जिले की निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का निरीक्षण होगा। अपराह्न ढाई बजे फरीदपुर के ग्राम लौंगपुर में ग्राम चौपाल और स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम में भाग लेंगे। लगभग चार बजे वह बरेली एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
शनिवार शाम करीब 4:30 बजे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद दिवंगत विधायक के आवास पहुंचकर परिवार से शोक संवेदना व्यक्त करेंगे और इसके बाद शाहजहांपुर प्रस्थान करेंगे।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी शहर पहुंचेंगे। वह आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद फरीदपुर स्थित सत्संग भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लेकर लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
रविवार शाम 4:30 बजे सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर बरेली पहुंचेंगे। वह दिवंगत विधायक के आवास पर शोक संवेदना के बाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। सोमवार सुबह 11 बजे विकास भवन में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की अहम बैठक लेंगे, जिसके बाद सड़क मार्ग से शाहजहांपुर रवाना होंगे।
संबंधित विषय:
Published on:
10 Jan 2026 12:42 pm

बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
