
शाहजहांपुर। नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए अभिनेता राजपाल यादव अपने पैतृक गांव कुंडरा पहुंचे। गांव पहुंचते ही वह परिवारिक कार्यक्रमों में ऐसे घुले-मिले कि कानूनी पेंचों की चर्चा पीछे छूट गई। शाम को भतीजी की मेहंदी रस्म में उन्होंने महिला रिश्तेदारों के साथ जमकर डांस किया। उनका डांस करता वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बुधवार शाम गांव में मेहंदी का कार्यक्रम हुआ। जैसे ही फिल्मी गाने बजे, परिवार की महिलाओं ने राजपाल यादव को डांस फ्लोर पर खड़ा कर लिया। अभिनेता भी अपने चिर-परिचित अंदाज में झूमते नजर आए। गांव के लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बताया जाता है कि राजपाल यादव बुधवार सुबह दिल्ली से सीधे गांव कुंडरा पहुंचे। यहां उन्होंने भतीजी की शादी की तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्था में हाथ बंटाया। इस दौरान उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में गांववाले और प्रशंसक भी पहुंचे। गुरुवार को गांव में ही विवाह समारोह हुआ, जिसकी बरात गाजियाबाद से आई।
चेक बाउंस प्रकरण को लेकर अभिनेता ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरा मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है और वह न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हैं। फिलहाल दो दिन वह भतीजी की शादी में व्यस्त रहेंगे, इसके बाद सभी सवालों के जवाब ईमानदारी से देंगे। राजपाल यादव ने कहा कि कठिन समय में जिन लोगों ने उनका साथ दिया, वह उन सभी के आभारी हैं।
गौरतलब है कि नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें 30 दिन की अंतरिम जमानत दी थी। इससे पहले पांच फरवरी को सरेंडर करने के बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेजा गया था। रिहा होने के बाद वह सीधे अपने पैतृक गांव कुंडरा आ गए। गुरुवार को जब शादी समारोह में मेहमानों का आना शुरू हुआ तो राजपाल यादव स्वयं स्वागत में जुटे नजर आए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी उन्होंने मुलाकात की। पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग उनके साथ सेल्फी लेने को आतुर दिखे, और अभिनेता ने भी किसी को निराश नहीं किया।
संबंधित विषय:
Published on:
19 Feb 2026 07:10 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
