
बरेली। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कैंट क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने धोपेश्वरनाथ मंदिर और विकसित हो रहे धोपा चौक समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति देखी। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, चौक के आधुनिकीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विस्तार से जानकारी ली तथा कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताया।
कैंटोनमेंट बोर्ड में शुक्रवार देर शाम संतोष कुमार गंगवार का काफिला जैसे ही पहुंचा तो कैंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने अगवानी की और सीधे मुद्दे पर आते हुए कैंट क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का पूरा खाका सामने रख दिया। सड़कों से लेकर स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं तक हर मोर्चे पर काम का रिपोर्ट कार्ड पेश किया गया।
राज्यपाल ने कैंट इलाके में चल रही अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को करीब से देखा। साफ-सफाई की व्यवस्था, बेहतर होती सड़कों और व्यवस्थित सुविधाओं को देखकर उन्होंने खुलकर तारीफ की। उन्होंने साफ कहा कि काम सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर दिख रहा है और यही असली प्रशासनिक दक्षता है।
दौरे के दौरान राज्यपाल और प्रमुख सचिव आलोक पाण्डेय ने श्री धोपेश्वरनाथ मंदिर (धोपा मंदिर) और नए अंदाज में सजे धोपा चौक का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर में हुए सौंदर्यीकरण और धरोहर संरक्षण कार्यों को सराहा गया, वहीं धोपा चौक का आधुनिक और सांस्कृतिक रूप लोगों को खासा आकर्षित करता नजर आया। परंपरा और आधुनिकता का यह संगम चर्चा का विषय बना रहा।
राज्यपाल ने कहा कि आस्था स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक विकास की रफ्तार बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन कैंट क्षेत्र में यह संतुलन साफ दिखाई देता है। डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में हो रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे प्रेरणादायी पहल बताया। दौरे के अंत में भविष्य की योजनाओं पर भी मंथन हुआ और बोर्ड की ओर से अतिथियों के प्रति आभार जताया गया।
Published on:
21 Feb 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
