
बरेली। गुरुवार को विकास भवन में हुई मण्डलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब कागजी प्रगति नहीं, जमीनी काम दिखना चाहिए। गेहूं खरीद, वृक्षारोपण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम विभागों की समीक्षा में कई जगह सुस्ती सामने आई, जिस पर अफसरों को कड़ी चेतावनी दी गई।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, स्कूलों में नामांकन बढ़े, स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हों और हर योजना तय समय पर पूरी हो वरना जिम्मेदारी तय की जाएगी। वहीं गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए कहा कि मंडल फिलहाल प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, लेकिन इसे और बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने डिप्टी आरएमओ को निर्देश दिए कि खरीद केंद्रों पर बोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसानों को अधिक से अधिक गेहूं बेचने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही गर्मी को देखते हुए पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
वृक्षारोपण को लेकर मंडलायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर बार-बार पौधारोपण कर आंकड़े बढ़ाने का खेल नहीं चलेगा। सभी विभाग तय लक्ष्य समय से पूरा करें और हर पौधे की जियो टैगिंग कर उसे पोर्टल पर अपलोड करें। जिन विभागों ने अब तक कार्ययोजना नहीं दी, उन्हें तत्काल रिपोर्ट देने को कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में बीएसए को निर्देश दिए गए कि स्कूल चलो अभियान को तेज किया जाए। ज्यादा से ज्यादा बच्चों को चिन्हित कर उनका स्कूलों में नामांकन कराया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि स्कूलों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखी जाए और नामांकन बढ़ाने पर फोकस किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण अभियान को भी तेज करने और सभी आंकड़े समय से पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया। साथ ही हीट वेव को देखते हुए अस्पतालों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
बदायूं में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के जिलाधिकारियों को सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कर उनकी वैधता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी बदायूं अवनीश कुमार राय, शाहजहांपुर के डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पीलीभीत के डीएम ज्ञानेंद्र सिंह समेत मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
30 Apr 2026 09:55 pm
Published on:
30 Apr 2026 09:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
