
बरेली। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
टीम ने शुक्रवार दोपहर एक करोड़ रुपये मूल्य की 500 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। बरामदगी के साथ पुलिस ने दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद खां निवासी फरीदपुर और वाहिद खां निवासी हुसैनबाग, बाकरगंज के रूप में हुई है। दोनों पुराने अपराधी हैं और पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
पूछताछ में राशिद खां ने बताया कि वह और वाहिद एक ही समय जेल में बंद थे और रिहा होने के बाद दोनों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही एक युवक फैजान ने दोनों को स्मैक तस्करी का प्रस्ताव दिया। फैजान ने वादा किया कि प्रत्येक डिलीवरी के लिए 50-50 हजार रुपये देगा।
दरोगा विकास यादव के नेतृत्व में एएनटीएफ की टीम ने शुक्रवार को लगभग 3:40 बजे बलिया ओवरब्रिज के नीचे, ग्राम मुगलपुरा जाने वाले रास्ते पर दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, फैजान ने दोनों तस्करों को वहीं रुकने का निर्देश दिया था, जहां से वह दो अलग-अलग पार्टियों को स्मैक और मोबाइल देने वाले थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी के मास्टरमाइंड फैजान को भी मामले में नामजद किया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
"स्मैक तस्करों के खिलाफ सघन अभियान जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता फैजान की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
— विकास यादव, दरोगा, एएनटीएफ
Updated on:
02 May 2025 09:40 pm
Published on:
02 May 2025 09:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
