
बरेली। चार साल तक ‘स्पेशल’ का तमगा झेलने के बाद आखिरकार टनकपुर-अछनेरा ट्रेन को रेलवे ने स्थायी पहचान दे दी है। अब यह गाड़ी नए नंबर 15094-93 टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस के रूप में दौड़ेगी। सबसे बड़ी राहत—नियमित होते ही किराया करीब 35 फीसदी तक घट जाएगा, यानी यात्रियों की जेब पर सीधा असर।
अब यह ट्रेन हफ्ते में पांच दिन (बुधवार और शनिवार छोड़कर) चलेगी। टनकपुर से सुबह 4:10 बजे चलकर यह गाड़ी खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा होते हुए इज्जतनगर 5:59, बरेली सिटी 6:15, बरेली जंक्शन 6:31 और बदायूं 7:14 बजे पहुंचेगी। आगे कासगंज, सिकंद्राराऊ, हाथरस, मथुरा के रास्ते 11:54 बजे अछनेरा पहुंचेगी। वापसी में अछनेरा से 3:50 बजे चलकर यह ट्रेन बदायूं 7:38, बरेली जंक्शन 8:33, बरेली सिटी 8:50, इज्जतनगर 9:14 और रात 11:35 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
अब तक ‘स्पेशल’ के नाम पर ज्यादा किराया चुकाने को मजबूर यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। रेलवे के इस फैसले से रोजाना सफर करने वाले, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए सफर सस्ता और भरोसेमंद हो जाएगा। लंबे समय से उठ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। इज्जतनगर मंडल में किच्छा-बहेड़ी सेक्शन के बीच किच्छा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर काम के चलते 11 अप्रैल रात 8 बजे से 12 अप्रैल सुबह 6 बजे तक रास्ता बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को बंडिया किच्छा और सिरौली गेट क्रॉसिंग से होकर गुजरना होगा।
रेलवे ने टनकपुर से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब (नांदेड़) तक साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर और पीलीभीत होते हुए चलेगी, जिससे सिख श्रद्धालुओं के लिए सफर अब आसान हो जाएगा। लंबे समय से इस रूट पर सीधी कनेक्टिविटी की मांग थी। वहीं बरेली होकर चलने वाली फिरोजपुर-झंझारपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग भी जारी कर दी गई है। यह ट्रेन तय अवधि तक चलेगी और बरेली जंक्शन पर ठहराव मिलेगा। इससे पंजाब-बिहार रूट के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।
Published on:
11 Apr 2026 06:09 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
