
मृतक इश्तियाक का फाइल फोटो (फोटो सोर्स: पत्रिका)
बरेली। किला थाना क्षेत्र के कटघर मोहल्ले में शनिवार देर रात एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक का शव घर के भीतर फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
कटघर निवासी 40 वर्षीय इश्तियाक पुत्र मुशफ्फर कबाड़ का कारोबार करता था और ऑटो चला कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार दोपहर इश्तियाक की पत्नी रुकसार के प्रेमी बाबू पेंटर, पड़ोसी डॉ. साजिद और उसके साथी चांद ने घर में घुसकर आग लगा दी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया था। मगर शनिवार रात को हालात और अधिक बिगड़ गए। परिजनों का आरोप है कि देर रात किसी समय इश्तियाक की हत्या कर उसका शव फांसी के फंदे से लटका दिया गया। रविवार सुबह जब परिवारजन मौके पर पहुंचे तो इश्तियाक का शव फंदे से झूलता मिला। उन्होंने तुरंत किला पुलिस को सूचना दी।
मृतक के भांजे गुलफाम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इश्तियाक और उसकी पत्नी रुकसार के बीच लंबे समय से रिश्तों में खटास चल रही थी। रुकसार के कथित प्रेमी बाबू पेंटर, डॉ. साजिद और उनके साथी चांद पर आरोप है कि उन्होंने षड्यंत्र के तहत पहले घर में आगजनी करवाई और फिर रुकसार की मिलीभगत से इश्तियाक की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर किला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इश्तियाक के पांच नाबालिग बच्चे हैं, जो पिता की मौत के बाद बेसहारा हो गए हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
01 Jun 2025 01:35 pm
Published on:
01 Jun 2025 01:35 pm
