15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मंत्री पहुंचे पर बिजली अफसर गायब, फोन तक नहीं उठाया, भड़के वन मंत्री ने ऊर्जा मंत्री से की शिकायत

संजयनगर में विद्युत निगम की जनसुनवाई चौपाल में उस वक्त अजीब हालात बन गए, जब कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना को वहां बिजली विभाग का एक भी जिम्मेदार अफसर मौजूद नहीं मिला।

3 min read
Google source verification

डॉक्टर अरुण कुमार, वन एवं पर्यावरण मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार

बरेली। संजयनगर में विद्युत निगम की जनसुनवाई चौपाल में उस वक्त अजीब हालात बन गए, जब कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना को वहां बिजली विभाग का एक भी जिम्मेदार अफसर मौजूद नहीं मिला। मंत्री के पहुंचने के बावजूद विभागीय अधिकारियों की गैरमौजूदगी और मुख्य अभियंता द्वारा फोन कॉल तक नजरअंदाज किए जाने से माहौल गर्मा गया। नाराज मंत्री ने फोन पर ही अधीक्षण अभियंता को जमकर फटकार लगाई और बिना उद्घाटन किए ही कार्यक्रम स्थल से लौट गए।

मंत्री पहुंचे तो मेजबान ही नदारद, चौपाल में पसरा सन्नाटा

संजयनगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में सुबह 11 बजे विद्युत निगम की ओर से चौपाल का आयोजन तय था। कार्यक्रम में लोगों की बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और कनेक्शन से जुड़ी शिकायतें सुनने के लिए अधिकारियों को मौजूद रहना था।
करीब 11:45 बजे जब वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि विद्युत निगम का कोई भी अधिकारी या अभियंता मौके पर मौजूद नहीं है। यह सुनते ही मंत्री हॉल से बाहर आ गए और नाराजगी जताई।

मुख्य अभियंता ने नहीं उठाया फोन, मंत्री का पारा चढ़ा

अधिकारियों की गैरमौजूदगी का कारण जानने के लिए मंत्री ने सीधे मुख्य अभियंता को फोन मिलाया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव तक नहीं किया। इससे नाराज मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को फोन पर जमकर लताड़ लगाई।
उन्होंने साफ कहा कि जब जनता की समस्याएं सुनने के लिए चौपाल लगाई गई है तो जिम्मेदार अफसरों का न आना घोर लापरवाही है। इसके बाद मंत्री बिना उद्घाटन किए ही वहां से वापस लौट गए।

अफसर मंत्री की नहीं सुन रहे तो हमारी क्या सुनेंगे

मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भी अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी दिखी। कुछ कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब अफसर मंत्री की कॉल तक नहीं उठा रहे तो आम जनता की शिकायतें कौन सुनेगा।
स्थिति बिगड़ती देख कई फरियादी भी निराश होकर वापस लौट गए।

फरियादियों की पीड़ा: बिल बढ़े, समस्या जस की तस

चौपाल में पहुंचे लोगों का कहना था कि वे अपनी समस्याएं लेकर मंत्री के सामने गुहार लगाने आए थे, लेकिन अफसरों की गैरहाजिरी से उनकी उम्मीदें टूट गईं।

  • मुकेश पाल, संजयनगर: “पहले बिजली बिल का मैसेज आ जाता था, अब आना बंद हो गया है। शाम पांच बजे से बिजली भी कट गई थी।”
  • राजवीर सिंह, संजयनगर: “घर में कोई रहता नहीं, सिर्फ लड़का रहता है, फिर भी 11 दिन में 1500 रुपये का बिल आ गया।”
  • जमुना देवी, संजयनगर: “बहू के नाम से कनेक्शन कराने के लिए महीनों से दौड़ रही हूं। मंत्री के सामने गुहार लगाने आई थी, लेकिन अफसर ही नहीं आए।”
  • नारायणी देवी, दुर्गानगर: “बिजली बिल 4715 रुपये हो गया है। विधवा पेंशन ही सहारा है, इतनी रकम कैसे भरूं।”

मंत्री बोले— यह घोर लापरवाही, शिकायत करूंगा

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि विद्युत निगम की ओर से उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर कोई अधिकारी मौजूद नहीं था।
उन्होंने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है और इसकी शिकायत ऊर्जा मंत्री से की जाएगी। अगली बार मुख्य अभियंता की मौजूदगी में ही जनसुनवाई शिविर लगवाया जाएगा।

मुख्य अभियंता का दावा— जानकारी नहीं थी


वहीं विद्युत वितरण खंड प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने सफाई देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी इंटेली स्मार्ट की ओर से शिविर लगाया गया था और अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।
उन्होंने कहा कि उस समय वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में थे, इसलिए फोन नहीं उठा पाए। बाद में मंत्री से बात कर उन्हें पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और कंपनी को भी भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी दी गई है।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग