11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नल में दौड़ रहा था करंट, शिकायत के बाद भी नहीं जागा मालिक, मजदूर की मौत, मुकदमा दर्ज

इज्जतनगर थाना क्षेत्र में लापरवाही का खौफनाक नतीजा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन मकान में करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

2 min read
Google source verification

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में लापरवाही का खौफनाक नतीजा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन मकान में करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले से मिल रही थी चेतावनी

खजुरिया गांव निवासी रीता देवी ने थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम को दी तहरीर में बताया कि उनके पति सत्यपाल गांव के ही तस्लीम खान के मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। निर्माणाधीन मकान में लगे नल में पहले से करंट आ रहा था। इस खतरनाक स्थिति की जानकारी सत्यपाल समेत अन्य मजदूरों ने कई बार मकान मालिक को दी थी। आरोप है कि तस्लीम खान ने इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज करते हुए सिर्फ “कल ठीक करा देंगे” कहकर बात टाल दी, लेकिन कोई सुधार नहीं कराया।

पानी पीने गए और हो गई मौत

शुक्रवार को काम के दौरान सत्यपाल को प्यास लगी तो वह पानी पीने के लिए नल के पास गए। जैसे ही उन्होंने नल छुआ, तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। वहां मौजूद अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम में पुष्टि, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मकान मालिक तस्लीम खान के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।