
बरेली। राजेंद्रनगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक किरायेदार ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर मकान मालिक की हत्या की कोशिश की। आरोपियों में एक प्रमुख राजनीतिक दल का नेता शामिल है, जिस पर मकान पर कब्जा करने की नीयत से हमला करने का आरोप है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्रनगर निवासी अमित कुमार के अनुसार, उनके मकान में सुनील यादव नाम का व्यक्ति किराए पर रहता है। 2 मई की शाम को अमित कुमार छत पर पहुंचे तो देखा कि सुनील यादव के साथ उसके तीन दोस्त—विजय, पीयूष और अनुभव—मौजूद थे। शोर-शराबा करने पर जब अमित ने टोका तो चारों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित अमित का कहना है कि आरोपियों ने पहले सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया, फिर जान से मारने की नीयत से गला दबाकर उन्हें सीढ़ियों से फेंकने की कोशिश की। किसी तरह से जान बचाकर वे वहां से भागे और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
प्रमुख आरोपी सुनील यादव के बारे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। वह प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) से जुड़ा हुआ है और बरेली में लोकसभा और मेयर का चुनाव भी लड़ चुका है। पहले वह आम आदमी पार्टी में सक्रिय था, फिर एक प्रसिद्ध महामंडलेश्वर के करीबी बनकर सुर्खियों में आया।
हाल ही में बरेली में एक धार्मिक कथा के दौरान भी उसका नाम विवादों में आया था, जहाँ रसीदों में घपला और लेनदेन को लेकर कई आरोप लगे थे। सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर कई प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
पीड़ित अमित कुमार ने आरोप लगाया है कि सुनील यादव मकान पर कब्जा करना चाहता है। हमला भी इसी मंशा से किया गया ताकि वह डरकर मकान छोड़ दे। अमित का यह भी कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा है और मानसिक दबाव बनाकर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।
इंस्पेक्टर प्रेमनगर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि ने अमित कुमार की तहरीर के आधार पर सुनील यादव, विजय, पीयूष और अनुभव के खिलाफ IPC की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।
संबंधित विषय:
Updated on:
5 May 2025, 10:11 AM IST
Published on:
5 May 2025, 10:11 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.