
किसानों को बड़ी राहत (फोटो- पत्रिका)
Balotra News: बालोतरा जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। जिले की तहसील कल्याणपुर और समदड़ी में प्रदेश सरकार की ओर से मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय स्वीकृत किए जाने की तैयारी है। इनके खुलने से सैकड़ों गांवों के हजारों किसानों को बीज, खाद, दवाइयों की उपलब्धता और समर्थन मूल्य पर अनाज बेचने जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।
अब किसानों को इन सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय कर जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। दी बाड़मेर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की ओर से सर्वे कर राज्य सरकार को रिपोर्ट भेज दी गई है, जिससे कार्यालयों के शीघ्र खुलने की उम्मीद है।
बालोतरा के बड़े कस्बों में कल्याणपुर और समदड़ी प्रमुख हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने से कल्याणपुर का तेजी से विकास हुआ है, जबकि सिंचित क्षेत्र होने के कारण समदड़ी पहले से ही विकसित कस्बा है। पूर्व सरकार ने यहां तहसील और पंचायत समिति कार्यालय स्वीकृत कर रखे हैं।
वर्तमान में कल्याणपुर से बालोतरा की दूरी 50 किमी और समदड़ी से 35 किमी है। जबकि इन दोनों क्षेत्रों से जुड़े गांवों से औसतन 60 से 70 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय नहीं होने के कारण किसानों को हर बार बड़ी परेशानी उठानी पड़ती थी।
राज्य सरकार के निर्देश पर दी बाड़मेर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक ने तीन महीने पहले कल्याणपुर और समदड़ी में मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय खोलने को लेकर सर्वे किया और रिपोर्ट सरकार को भेजी। आने वाले दिनों में कार्यालयों के खुलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में जिले के बालोतरा, बायतु, सिवाना, सिणधरी और गिड़ा में ही मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय संचालित हो रहे हैं।
मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय किसानों को बीज, खाद, दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ-साथ समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदने जैसे कार्य भी करती है। कल्याणपुर और समदड़ी में कार्यालय खुलने से दर्जनों ग्राम पंचायतों के हजारों किसानों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सकेगी और उन्हें कई किलोमीटर की यात्रा से निजात मिलेगी।
कल्याणपुर और आसपास के गांवों से बालोतरा की दूरी 50 से 70 किमी है। वर्षों से यहां मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय की मांग कर रहे हैं। इससे किसानों को सुविधा और परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।
-दौलाराम कुआं, सरपंच कल्याणपुर
समदड़ी की आबादी 25 हजार से अधिक है। यहां करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतें और बड़ी संख्या में गांव जुड़े हुए हैं। लंबे समय से कार्यालय की मांग हो रही है। सरकार इसे शीघ्र स्वीकृत करे।
-शैतान सिंह, उप प्रधान समदड़ी
किसानों और ग्रामीणों को सुविधाएं दिलाने के लिए सरकार से कल्याणपुर और अन्य जरूरत वाले स्थानों पर मार्केटिंग सोसाइटी कार्यालय खोलने की मांग की गई है। प्रयास जारी हैं और जल्द ही कार्यालय खुलने की उमीद है।
-अरुण चौधरी, विधायक पचपदरा
Published on:
20 Sept 2025 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
