
चिमाराम जाट की अवैध संपत्ति फ्रीज (फोटो- पत्रिका)
बाड़मेर: चौहटन पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्कर के विरुद्ध कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक आवासीय भवन को फ्रीज किया है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी जीवनलाल खत्री के सुपरविजन में पुलिस ने अवैध संपत्ति को फ्रीज करने की कार्रवाई की है।
चौहटन थानाधिकारी राजूराम बामणिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को थाना क्षेत्र के मुकने का तला लीलसर में तस्कर चिमाराम जाट के आवासीय भवन को फ्रीज किया है, जिसकी कीमत 28 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।
थानाधिकारी राजूराम बामणिया ने बताया कि विभागीय निर्देश पर तस्करों की ओर से तस्करी कारोबार कर अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को फ्रीज एवं जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में तस्कर चिमाराम पुत्र जेराराम जाट निवासी मुकने का तला लीलसर के घर पर दबिश दी गई।
थानाधिकारी राजूराम बामणिया ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ 2 के तहत कार्रवाई कर करीब 28 लाख 20 हजार कीमत के आवासीय भवन को फ्रीज किया गया है। आरोपी चिमाराम जाट पूर्व में एक लाख का इनामी अपराधी रहा है। उसके विरुद्ध 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा पुलिस थाना चौहटन का हार्डकोर, हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
जिला अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया, प्रकरण बनाकर सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक भारत सरकार को भेजा गया था। उनकी ओर से जारी आदेश की पालना में थानाधिकारी चौहटन मय टीम द्वारा मादक पदार्थ तस्कर चिमाराम का गांव मुकने का तला, लीलसर में स्थित एक रहवासी भवन कीमत 28.20 लाख रुपए की संपत्ति को फ्रीज किया गया है।
मादक पदार्थ तस्कर चिमाराम पुलिस थाना चौहटन का हार्डकोर व हिस्ट्रीशीट अपराधी है, जिसके विरूद्ध 15 प्रकरण दर्ज हैं। इसमें मादक पदार्थ तस्करी के 7, ऑर्म्स एक्ट के 3 और मारपीट के 5 प्रकरण दर्ज हैं।
Published on:
05 Sept 2025 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
