बाड़मेर. पश्चिमी विक्षोभ के कारण गडरारोड के सीमावर्ती क्षेत्र में मौसम पलट गया, जिससे सोमवार-मंगलवार को आसमान में बादलों का डेरा रहा। बीच-बीच में रुक-रुक कर बारिश होने से मौसम में नमी बनी रही। मंगलवार सुबह से गडरा रोड कस्बे में तेज बारिश शुरू हुई, दोपहर में तेज बौछारें पड़ीं। शाम तक रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। इस दौरान परनाले चलने लगे व सड़क पर पानी जमा हो गया। इन दिनों खेतों में फसल व घास कटाई का काम चल रहा है, ऐसे में बेमौसम बरसात ने जो कुछ शेष बचा था, उसे भी बर्बाद कर दिया।
सवाऊ पदमसिंह पत्रिका. सोमवार को हुई बारिश से मौसम का रुख बदल गया है। बिन मौसम आंधी, बारिश व ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फैसलें गिर गईं। इधर उण्डू,रतेऊ और केसूम्बला में अरंडी की फसलें खराब हो गईं। वहीं सवाऊ, कानोड़, मेघवालों की बस्ती, पूनियों का तला और शहर के अन्य गांवों में तेज बारिश और ओले गिरने से किसानों की पक चुकी बाजरे,मोठ, मूंग व ग्वार की फसलें खराब हो गईं। इससे किसान बहुत चिंतित हैं।