
Ego loser, Dashanan dashed
बाड़मेर. भगवान राम ने तीर चलाया तो रावण की नाभि, आंखों व मुंह से अंगारे निकलने लगे। देखते ही देखते रावण का घमंड चूर हो गया और पलक झपकते ही धराशायी हो गया। शहर का आदर्श स्टेडियम जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। अवसर था विजयदशमी का।
नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को शहर के आदर्श स्टेडियम में दशहरा पर रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदान नकाते, जिला पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल मौजूद रहे।
स्टेडियम प्रांगण में श्रीरामलीला कमेटी की झांकी में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता व हनुमान सहित जब वानर सेना पहुंची तो जन समुदाय ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। वानर सेना ने दौड़कर स्टेडियम का चक्कर लगाया तो लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। झांकियों का मुख्य अतिथियों ने स्वागत किया। रामलीला कमेटी अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी व सचिव प्रेम आचार्य का सम्मान किया गया।
कुंभकरण, मेघनाद के बाद जला रावण
भगवान राम व लक्ष्मण ने पहले कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों पर तीर चलाया। इसके बाद रावण की नाभि में तीर चलाया तो आंखों व मुंह से चिंगारियां निकलने लगी। कुछ ही देर में दशानन का दंभ चूर हो गया।
आतिशबाजी से नहाया आकाश
रावण दहन से पहले नगर परिषद की ओर से आतिशबाजी की गई। इस दौरान आकाश में भांति-भांति के नजारे बने। अतिथियों का स्वागत भी आतिशबाजी के साथ किया गया।
वीवीपेट की दी जानकारी
रावण दहन से पूर्व निर्वाचन विभाग व पंचायत समिति की ओर से उपस्थित जन समुदाय को पंचायत प्रसार अधिकारी ओंकारदान चारण ने मतदान के दौरान वीवपेट की जानकारी दी। इस मौके पर इंडियन आइडल फेम रहे मोतीखां व स्वीप आइकन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर इकबाल ने मतदान के बारे में जानकारी दी।
सड़क पर अंधेरा, लोग परेशान
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाहर निकलने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। स्टेडियम के बाहर सड़क पर अंधेरा होने के कारण परेशानी हुई। लोग मोबाइल की टार्च से वाहन ढूंढते नजर आए।

Updated on:
20 Oct 2018 04:48 pm
Published on:
20 Oct 2018 09:26 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
