
Rajasthan Assembly Election Result 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव में जाट बहुल क्षेत्र व कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले गुड़़ामालानी विधानसभा क्षेत्र से फिर भाजपा प्रत्याशी के के बिश्नोई ने जीत दर्ज करवा परचम लहराते हुए कमल का फूल खिलाया। बिश्नोई ने 15217 मतों से विजय हासिल कर एक बार फिर कांग्रेस का गढ़ ढहा दिया। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विश्नोई की जीत के बाद उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उनका फूल मालाओं से जमकर स्वागत करते हुए जयकारे व बैंड के साथ विजय जुलूस निकाला।
गौरतलब है कि गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र पिछले 50 वर्षों से कांग्रेस का अभेदय गढ़ रहा है। इससे पहले वर्ष 2013 के चुनाव में भाजपा से पूर्व विधायक लादूराम विश्नोई ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करवाते हुए कांग्रेस के गढ़ में छेद किया था। इसके बाद इस बार विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक लादूराम बिश्नोई के पुत्र व भाजपा प्रत्याशी के के बिश्नोई ने फिर इतिहास रचते हुए एक बार फिर कांग्रेस के गढ़ में छेद कर उसे ढहा दिया।
विधानसभा चुनाव में गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल सोनाराम चौधरी ने 92415 मत प्राप्त किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी के के बिश्नोई ने कुल 107632 मत प्राप्त करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल सोनाराम को पराजित करते हुए 15217 मतों से विजय हासिल की।
विश्नोई की जीत के बाद उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं जयकारों व गाजे- बाजे के साथ बाड़मेर से धोरीमन्ना होते हुए गुड़ामालानी तक वाहनों के लंबे काफिले के साथ स्वागत जुलूस निकाला। इसके अलावा लोगों ने उनका रास्ते में जगह-जगह फूलमालाओं से स्वागत किया। वहीं विजय जुलूस निकाला।
विश्नोई की जीत की सूचना आते ही गुड़ामालानी कस्बे के बाजार व अंहिसा चौराहे पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जैन , पूर्व प्रधान राणा कुलदीप सिंह, महामंत्री अशोकसिंह राजावत, जब्बरसिंह राठौड़ के नेतृत्व में मंडल मंत्री भरत जैन, खीमसिंह व संभाग प्रवक्ता प्रहलाद मेघवाल सहित सैकड़ो कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने चौराहे पर भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए पटाखे छोड़ कर खुशी मनाई व मिठाई बांटी।
Published on:
04 Dec 2023 11:58 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
