
फोटो- पत्रिका
बाड़मेर। गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में बांटा-गुड़ामालानी सड़क मार्ग पर रामदेव मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने सड़क किनारे बाइक खड़ी कर खड़े तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क से दूर खेत में जा गिरे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर गुड़ामालानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में भंवरलाल (32) पुत्र गुणेशाराम निवासी पालियाली, देवाराम पुत्र खेमाराम निवासी पालियाली और ईशराम (55) पुत्र रूडाराम निवासी रामपुरा गंभीर रूप से घायल हुए।
ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल राजकीय अस्पताल गुड़ामालानी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने भंवरलाल को मृत घोषित कर दिया। देवाराम और ईशराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें सांचौर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान ईशराम की भी मौत हो गई। देवाराम का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार सड़क किनारे जाकर रुक गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार सवार वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने मौके से बाइक और कार को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार भंवरलाल अपनी छोटी बहन के ससुर ईशराम को गुड़ामालानी बस स्टैंड छोड़ने जा रहा था। रास्ते में उसके चाचा देवाराम मिल गए, जिसके बाद तीनों रामदेव मंदिर के पास बाइक रोककर आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान हादसा हो गया।
Updated on:
03 Feb 2026 08:35 pm
Published on:
03 Feb 2026 08:31 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
