8 लाख 64 हजार से ज्यादा बिके दुपहिया वाहन-78 हजार 114 नए इलेक्ट्रिक वाहनों का साल 2022 में पंजीयन-पेट्रोल वाहनों की 9 लाख से अधिक की बिक्री
प्रदेश की सड़कों पर वाहनों की रेलमपेल बढ़ती जा रही है। एक ओर जहां सड़कें संकरी होती जा रही हैं। वहीं वाहनों की कतारें भी बढ़ती जा रही हैं। अधिकतर स्थानों पर वाहनों की पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा हर शहर की सबसे बड़ी समस्या के रूप में उभर रही है। प्रदेश में साल 2022 में 12 लाख से अधिक नए वाहन सड़कों पर उतरे हैं। इनमें सबसे अधिक दुपहिया वाहन शामिल हैं।
सड़कों पर वाहनों के जमावड़े के मुकाबले में सड़कों का सुदृढ़ीकरण नहीं हो रहा है, खासकर शहर और उपनगरीय क्षेत्र ज्यादा प्रभावित हुए हैं। नए वाहन खरीदने में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। दुपहिया वाहनों की तो मानो भरमार हो गई है। इसका उदाहरण गलियों में देखा जा सकता है, जहां पर चलने के लिए जगह तक नहीं मिलती है।
पिछले साल के मुकाबले 3 लाख ज्यादा बिके
राजस्थान में साल 2022 में पिछले पांच साल में सबसे अधिक वाहन बिके हैं। पिछले साल के मुकाबले देखा जाए तो करीब 3 लाख वाहन ज्यादा सड़कों पर उतरे हैं। वहीं साल 2018 व 19 में 14-14 लाख वाहन प्रदेश के वाहनों के बेड़े में शामिल हुए।
फेस्टिव सीजन में बिक्री का बूम
वैसे तो पूरे साल वाहनों की बिक्री होती है, लेकिन प्रदेश में फेस्टिव सीजन के महीनों में आंकड़ा सर्वाधिक है। नवंबर में दिवाली होने के चलते पूरे साल में सबसे अधिक 1 लाख 98 हजार वाहन बिके। वहीं जनवरी में वाहनों की बिक्री पर ब्रेक ही रहा। साल के पहले माह में केवल 78 हजार वाहन ही बिक पाए। इस तरह पूरे साल में यह आंकड़ा सबसे कम रहा।
दुपहिया का बढ़ रहा रेला
वाहनों की बिक्री में दुपहिया सबसे आगे दौड़ रहा है। प्रदेश में बाइक व स्कूटर साल 2022 में 8 लाख 64 हजार 921 का पंजीयन हुआ है। यह 30 दिसंबर तक का आंकड़ा है। इसके अलावा भी मोपेड और अन्य श्रेणी की बाइक अलग से हैं।
पेट्रोल पर भरोसा, इलेक्ट्रिक का भी क्रेज
राजस्थान में अब इलेक्ट्रिक वाहनों का क्रेज बढ़ा है। साल 2022 में 78 हजार 114 इलेक्ट्रिक वाहनों का परिहवन विभाग में पंजीयन हुआ। इसमें भी टू-व्हीलर ज्यादा हैं। वहीं ईंधन के रूप में अभी भी पेट्रोल पर लोगों का भरोसा ज्यादा है। इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार जरूर बढ़ रहा है, लेकिन पिछले साल में कुल बिके वाहनों में 9,60,763 पेट्रोल के थे।
राजस्थान कितने बिके वाहन
महीना वाहन
जनवरी 78,460
फरवरी 85,755
मार्च 92,442
अप्रेल 1,01,296
मई 1,09,982
जून 89,749
जुलाई 94,094
अगस्त 88,974
सितम्बर 82,372
अक्टूबर 1,75,156
नवंबर 1,98,045
दिसंबर 87,289
कुल : 12,83,619
राजस्थान : पांच सालों में वाहन पंजीयन
2022 : 12,83,619
2021 : 10,60,634
2020 : 11,03,639
2019 : 14,71,618
2018 : 14,68,157