
खेड़ में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन के लिए लगी कतारें
बालोतरा.
कार्तिक पूर्णिमा को खेड़ रणछोडऱाय तीर्थ पर अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें जिले भर से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर में दर्शन पूजन कर व अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रहने से मेला सा माहौल नजर आया।
जिले के प्रसिद्ध सनातनी तीर्थ खेड़ रणछोडऱाय तीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा को आयोजित अन्नकूट महोत्सव में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन को लेकर ब्रह्ममुर्हूत में मंदिर में पुजारी हीरालाल दवे, लाभशंकर अवस्थी भगवान श्री रणछोड़ राय की आदमकद प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक पूजन कर नए वस्त्रों, गहनों,फूलों से शृंगार किया गया। मंगला आरती उतारी गई। मंदिर पट खुलने पर ही यहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सूर्योदय पर रेलगाडिय़ों, बसों व निजी साधनों से जिले भर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इससे मंदिर परिसर खचाखच भर गया। मंदिर से मंदिर प्रवेश द्वार तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी नजर आई। पुरुष, महिलाओं की अलग अलग लगी कतारों में इन्होंने घंटों प्रतीक्षा बाद आई बारी पर मंदिर में दर्शन पूजन किए। हाथ जोड़, शीश नवा व प्रसाद चढ़ा परिवार में खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन करते हुए भगवान रणछोडऱाय के जयकारे लगाए। मंदिर की परिक्रमा लगाई। भजन गायकों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुती दी। सुबह नौ बजे लाभार्थी रामकिशोर, चन्द्रप्र्रकाश, अयोध्या प्रसाद सिंघल परिवार ने गाजे बाजे से मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा करते हुए भगवान रणछोडऱाय के जयकारे लगाए। सुबह 11.30 बजे महाआरती उतार कर 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं में अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के बाहर लगे हाट बाजार से घरेलू जरूरत के सामान की खरीदारी करने के साथ मिठाईयां, आईसक्रीम, चाट पकौड़ी आदि खाने व झूले झूलने का आनंद उठाया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रहने पर मेला सा माहौल नजर आया। तीर्थ ट्रस्ट रमेश मंगल, उपाध्यक्ष महेश चौहान, सचिव महेश अग्रवाल, सहसचिव अयोध्याप्रसाद गोयल, कोषाध्यक्ष राधेश्याम सर्राफ, प्रवक्ता दौलत. आर. प्रजापत, विहिप जिला मंत्री मुकेश गोयल, बजरंगदल प्रखंड संयोजक राहुल अग्रवाल, राजेन्द्र जिंदल, भगवानदास लोहिया,महेश सिंघल, भंवरलाल वैष्णव, रविन्द्र रामावत, रतन लोहिया, राजेन्द्र गुप्ता आदि ने सेवाएं दी।
Updated on:
24 Nov 2018 08:26 pm
Published on:
24 Nov 2018 08:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
