script6 सीटों पर भाजपा, एक पर कांग्रेस जीती, डीजे और ढोल के साथ निकला जुलूस | Urban Body Election 2023 MP BJP and Congress Result | Patrika News
बड़वानी

6 सीटों पर भाजपा, एक पर कांग्रेस जीती, डीजे और ढोल के साथ निकला जुलूस

सात नगरीय निकायों के चुनावों में 6 सीटों पर भाजपा का कब्जा और 1 सीट पर कांग्रेस की जीत दर्ज हुई है।

बड़वानीFeb 09, 2023 / 11:43 am

Subodh Tripathi

6 सीटों पर भाजपा, एक पर कांग्रेस जीती, डीजे और ढोल के साथ निकला जुलूस

6 सीटों पर भाजपा, एक पर कांग्रेस जीती, डीजे और ढोल के साथ निकला जुलूस

बड़वानी. सात नगरीय निकायों के चुनावों में 6 सीटों पर भाजपा का कब्जा और 1 सीट पर कांग्रेस की जीत दर्ज हुई है। ऐसे में जहां भाजपा ने डीजे के साथ विभिन्न नगरों में विजयी जुलूस निकाला, वहीं कांग्रेस के खेमे में निराशा नजर आई। आजादी के बाद दूसरी बार बड़वानी नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा होने से भाजपा में खुशी की लहर है।

नए वर्ष के पहले माह में जिले की सात निकायों में हुए निर्वाचन में छह में भाजपा व एक पर कांग्रेस को बहुमत मिला था। वहीं नई प्रणाली अंतर्गत बुधवार को हुए प्रथम सम्मेलन में पार्षदों ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव किया। इस दौरान दो नगर पालिका व चार नगर परिषदों में भाजपा का कमल खिला। जबकि एकमात्र पलसूद निकाय में कांग्रेस को संतोष करना पड़ा। इस दौरान बड़वानी नगर पालिका पर भाजपा ने आजादी के बाद दूसरी बार बहुमत से अपना परचम लहराया।

उल्लेखनीय है कि गत माह 23 जनवरी को मतगणना के बाद बड़वानी में 24 में से 14 वार्डाें पर भाजपा और 10 वार्डाें में कांग्रेस पार्षद जीते थे। वहीं इसके बाद से ही भाजपा ने अपने पार्षदों की बाड़बंदी कर दी थी। गत दिनों भाजपा के पार्षदों को शहर से बाहर भेज दिया गया था। वहीं कांग्रेस अपने पार्षदों की संभालने में गंभीर नहीं दिखी। हालांकि दोनों ही दलों को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा था। इसके मद्देनजर भाजपा को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन में कांग्रेस की ओर से 1-1 वोट अतिरिक्त प्राप्त हुआ। जबकि कांग्रेस को अध्यक्ष पद पर 1 वोट निरस्त व 1 वोट क्रॉस होने का झोल झेलना पड़ा। वहीं इसके बाद उपाध्यक्ष निर्वाचन में कांग्रेस की ओर से फिर 1 क्रॉस वोटिंग हुई।

दोपहर 2 बजे हो गई स्थिति स्पष्टबड़वानी नगर पालिका में पार्षदों के सम्मेलन के मद्देनजर सुबह 10 बजे से दोनों दलों के कार्यकर्ता-पदाधिकारी एकत्रित होने लगे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं नगर पालिका परिषद के अंदर किसी को प्रवेश नहीं करने दिया गया। 11.30 बजे के करीब चुने गए पार्षद सम्मेलन में शामिल होने अंदर गए। इसके बाद से 1 बजे तक हर कोई अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर कयास लगाता रहा। दोपहर करीब 1 बजे नगर पालिका अध्यक्ष की घोषणा हुई। इसमें भाजपा की वार्ड क्रमांक 8 से चुनी गई अश्विनी पति निक्कू चौहान 15 मत हासिल कर विजयी हुई। वहीं कांग्रेस समर्थित राधा कैलाश को 8 मत मिले। जबकि कांग्रेस शहर के 10 वार्डोें में विजयी हुई थी। इस दौरान 1 मत निरस्त हुआ, तो एक वोट की कांग्रेस को क्रॉसिंग झेलना पड़ी।


शहर में निकाला विजयी जुलूस

अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन में भाजपा की विजयी पर कांग्रेस में मायूसी नजर आई। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीजे साउंड के साथ विजयी जुलूस निकाला। अध्यक्ष अश्विनी चौहान, उपाध्यक्ष सुभाष भावसार, पूर्व अध्यक्ष कोकिला पटेल जीत में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते चल रहे थे। रास्तेभर लोगों ने उन्हें पुष्पवर्षा कर व फूलमालाएं पहनाकर बधाईयां दी। वहीं डीजे साउंड पर कार्यकर्ता झंडे थाम झूमते चल रहे थे।

महिला मंडल अध्यक्ष गश खाकर गिरी

नगर पालिका के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन के दौरान धूप में कार्यकर्ता-पदाधिकारी रोड किनारे ही खड़े रहे। इस दौरान छांव के लिए पेड़ों का सहारा लेते नजर आए। इस बीच भाजपा की महिला मोर्चा नगर मंडल अध्यक्ष मुनीरा सालीवाला गश खाकर गिर गई। इसके बाद तत्काल कार्यकर्ता अपने वाहन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। सालीवाला ने बताया कि खड़े-खड़े अचानक चक्कर आया और होश खो बैठी।

तीन घंटे तक रेंगता रहा यातायात

नगर पालिका में सम्मेलन के दौरान मुख्य गेट बंद रखा गया। इससे दोनों दलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता-पदाधिकारी रोड किनारे ही जमा रहे। इससे कारंजा से अंजड़ नाका के बीच का मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था रेंगती रही। हालांकि इस दौरान यातायात अमले ने कारंजा से बड़े वाहनों को कॉलेज के पीछे से निकाला।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

अध्यक्ष निर्वाचन के बाद उपाध्यक्ष निर्वाचन के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा गोले सहित कार्यकर्ताओं ने अपने पार्षदों की क्रॉस वोट होने की संभावना जताते हुए विरोध शुरू कर दिया और नगर परिषद परिसर में घुसने के लिए गेट की धक्का मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अंदर आ गए, लेकिन अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बाहर करते हुए गेट बंद कर दिया। इसके बाद एसडीएम घनध्याम धनगर गेट के पास पहुंचे और चुनाव निष्पक्ष प्रणाली से होने की समझाइश देकर मंडल अध्यक्ष को गेट से बाहर करवाया।

Hindi News/ Barwani / 6 सीटों पर भाजपा, एक पर कांग्रेस जीती, डीजे और ढोल के साथ निकला जुलूस

ट्रेंडिंग वीडियो