जाहोता में वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। जाहोता में मुख्य बस स्टैंड चौराहे पर दुकानों के पीछे भोमियाजी मंदिर में शनिवार सुबह 10 बजे रंजिश के चलते एक जने ने चचेरे भाई पर जानलेवा हमला करते हुए छुरा से गर्दन काट दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि चौमूं पुलिस थाने में फोन कर बोला कि मैंने भाई की हथियार से गर्दन काट दी है। इस घटना से आसपास के व्यापारियों में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घायल को तुरंत निजी वाहन से परिजनों व अन्य लोगों ने चौमूं के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। इसी दौरान एएसआई क्रोस्ता मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मौके से वारदात में प्रयुक्त किए गए छुरा को भी बरामद किया। बाद में आरोपी को पुलिस थाने लेकर शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल से भी चिकित्सालय में जाकर उसके बयान लिए।
पारिवारिक बात को लेकर चल रही थी रंजिश....
जानकारी अनुसार जाहोता में मुख्य बस स्टैंड चौराहे पर मालीराम कुमावत (53) पुत्र हनुमान कुमावत निवासी जाहोता परचूनी की दुकान करता है तथा उसका चचेरा भाई शंकरलाल (34) पुत्र चौथमल कुमावत बड़े भाई रामधन के साथ ज्वैलरी की दुकान करता है। पारिवारिक बात को लेकर दोनों भाइयों में रंजिश चल रही थी। कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी। शनिवार सुबह दोनों भाइयों ने रोजाना की तरह अपनी दुकानें खोली थी। सुबह 10 बजे शंकरलाल दुकान से उठकर दुकानों के पीछे बने भोमियाजी महाराज के मंदिर की तरफ गया तो मालीराम भी उसके पीछे छुरा लेकर चला गया और उसने पीछे से शंकर की गर्दन और सिर पर छुरा से वार कर दिया, जिससे शंकर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे मरा मानकर आरोपी मालीराम डर गया और छुरा को कचरे में फेंक कर खुद की दुकान पर आकर बैठ गया और पुलिस थाने में मोबाइल से फोन कर बोला कि मैंने भाई की हथियार से गर्दन काट दी है। दूसरी तरफ आसपास के व्यापारियों को इसका पता चलने पर सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सांस चलते देख परिजन व कुछ ग्रामीण निजी वाहन से चौमूं ले गए।
पुलिस पहुंची एक-डेढ़ घंटे बाद.....
आरोपी की सूचना पर पुलिस मौके पर करीब एक-डेढ़ घंटे बाद पहुंची। तब तक खुद आरोपी पुलिस को इंतजार करता रहा। जैसे ही पुलिस की जीप मौके पर पहुंची। उसने खुद को आरोपी बताते हुए पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार मौके से छुरा भी बरामद कर दिया। पुलिस ने मौजूद लोगों से भी घटना की जानकारी ली। कुछ लोगों ने पुलिस के देरी से पहुंचने पर नाराजगी जताई तो एएसआई क्रोस्ता ने सफाई दी कि वे पहले अस्पताल चले गए थे, जहां आरोपी भर्ती था।
थाने में मामला दर्ज....
पुलिस थाने में घायल शंकर कुमावत के भाई रामधन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी मालीराम ने उसके भाई पर छुरा से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई क्रोस्ता ने बताया है कि मामला दर्ज कर लिया है कि जांच जारी है। आरोपी को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उसे मामले में गिरफ्तार किया जाएगा।