
कचरे में पड़ी केमिकल की बोतल और मृतक की फाइल फोटो। फोटो पत्रिका
जयपुर। दूदू कस्बे के नोल्या मार्ग स्थित सोलर कंपनी के पीछे कचरे के ढेर में पड़ी केमिकल की बोतल में विस्फोट के बाद गंभीर रूप से झुलसे वृद्ध की मौत हो गई। बोतल फटने के बाद लगी आग की चपेट में आए वृद्ध को गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार नोल्या निवासी खाजू खां (70) पुत्र बेली खां देशवाली नेशनल हाईवे-48 के पास सोलर कंपनी के पीछे मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान वहां कचरे में पड़ी केमिकल की बोतल में तेज धमाका हुआ। विस्फोट के साथ निकली आग ने बुजुर्ग को चपेट में ले लिया, जिससे कपड़ों में आग लग गई।
आग की लपटों से घिरे बुजुर्ग ने खुद को बचाने के लिए पास ही स्थित एक नाडी के पानी में छलांग लगा दी। पास ही मवेशी चरा रहे युवक ने धमाका और वृद्ध की चीख सुनी तो वह मौके पर आया और बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। तत्काल दूदू के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। सोमवार देर रात उपचार के दौरान खाजू खां की मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद दूदू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। घटनास्थल से केमिकल के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में केमिकल बोतल के फटने को ही हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सोलर कंपनी के कचरे और केमिकल के बारे में जांच कर रही है।
Updated on:
04 Feb 2026 03:07 pm
Published on:
04 Feb 2026 03:05 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
