
बैतूल। आगामी बारिश को देखते हुए नगरीय प्रशासन ने जिले की सभी नगर पालिकाओं को अलर्ट कर दिया है। शहरी क्षेत्रों में जलभराव, गंदगी और संभावित बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जारी आदेश में कहा गया है कि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त करना अनिवार्य होगा। खासतौर पर नालों, स्टॉर्म वाटर ड्रेन और सीवरेज सिस्टम की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा, बारिश के मौसम में फैलने वाली बीमारियों को रोकने के लिए साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने और गंदगी वाले स्थानों पर नियमित रूप से कीटनाशक का छिडक़ाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
जर्जर भवन और सडक़ों पर भी फोकस
नगरीय निकायों को जर्जर भवनों की पहचान कर उनके खिलाफ अधिनियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं, खराब सडक़ों और पुल-पुलियों की समय रहते मरम्मत कराने और उनकी स्थिति की लगातार समीक्षा करने को भी कहा गया है।
चल रही परियोजनाओं में रोड रेस्टोरेशन जरूरी
शहर में जलप्रदाय या सीवरेज परियोजनाएं जहां चल रही हैं, वहां खुदाई के बाद सडक़ों की मरम्मत (रोड रेस्टोरेशन) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश में आवागमन प्रभावित न हो। नगर निकायों को पंप, नाव, जनरेटर, फ्लड लाइट जैसे उपकरणों को चालू हालत में रखने और जरूरत की सामग्री पहले से उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत उपयोग किया जा सके।
15 जून तक देना होगा पालन प्रतिवेदन
नगरीय प्रशासन ने सभी निकायों को यह भी निर्देशित किया है कि इन सभी तैयारियों को 15 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए और उसका पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। विभाग ने संकेत दिए हैं कि निर्धारित समय-सीमा में कार्यों की पूर्ति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है। कुल मिलाकर, इस बार प्रशासन ने बारिश से पहले ही सतर्कता बरतते हुए स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इनका कहना
Published on:
16 Apr 2026 08:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबेतुल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
