
अमिताभ बच्चन का साइन किया 25 लाख का फर्जी चेक भी दिया
बैतूल. ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। लगातार जागरुकता के बाद भी लोग इसके शिकार हो रहे हैं। रानीपुर थाने के ग्राम नीमढाना निवासी युवक से ठगी का सामने आया है। युवक से कौन बनेगा करोड़ पति के नाम से 47 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली गई है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नीमढाना निवासी एक युवक से ऑनलाइन 47 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत अनुसार नीमपानी निवासी हरि चौहान के पिता कोलकर्मी है। हरि को फरवरी में व्हाट्सएप के जरिए फोन कर बताया कि आपकी 35 लाख की लॉटरी 'कौन बनेगा करोड़पति' के तहत लगी है। जिसके तहत ठगों ने पहले हरी से खाते में 8 हजार रुपए जमा करने की बात कही। युवक ने खाते में पैसे डाल दिए। इसके बाद कार का झांसा देकर फिर 15 लाख रुपए अलग-अलग खाते में डलवा लिए। युवक से खातों के संबंध में जानकारी ली और पैसे उड़ा दिए। हरि इसके बाद जब अपनी बहन की शादी के लिए खाते में पैसे निकालने गया तो पता चला कि खाते से 32 लाख रुपए गायब है। इस तरह से युवक से कुल 47 लाख रुपए की ठगी की गई। युवक को अमिताभ बच्चन के फर्जी साइन से 25 लाख रुपए चेक भी भिजवा दिए। रानीपुर थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि हरि ने शिकायत की है। पहले युवक द्वारा बैंक खाते से पैसा गायब होने की बात कही जा रही थी। फिर पूछताछ में उसने पूरी घटना बताई। मोबाइल चेक किया और जिन खातो में पैसा डला है। अधिकांश बिहार के जनधन खाते के हैं।
गिरफ्तारी नहीं होने काम बंद करने की चेतावनी
बैतूल. गढ़ा डैम का सर्वे करने गए जलसंसाधन विभाग के उपयंत्री एवं पटवारी के साथ एक युवक द्वारा मारपीट किए जाने की घटना के बाद कोतवाली में एफआईआर तो दर्ज करा दी गई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। जिसके चलते म.प्र डिप्लोमा इंजीनियर एसोएिशन ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को कलेक्टर एवं एसपी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की है। एसोसिएशन के दीपक भार्गव ने बताया कि यदि पुलिस आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं करती है तो विभाग के समस्त इंजीनियर काम बंद कर देंगे। कोई भी सरकारी काम नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय हो कि ग्राम मंडई खुर्द में शनिवार को उपयंत्री सुमित उईके, हल्का पटवारी धनवंत सिंह उईके एवं निर्माण कंपनी की सर्वे टीम के साथ एफटीएल मार्किंग का कार्य करने पहुंचे थे। इसी दौरान छात्रपाल अपने एक साथी के साथ पहुंचा और गालीगलौच कर मारपीट करने लगा। जिसके बाद एसडीओ द्वारा कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
Published on:
12 Mar 2020 06:17 pm
