
बैतूल। कृषि मंडी बडोरा बोरे का उठाव नहीं करने वाले व्यापारियों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर मण्डी भारसाधक एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी डॉ. अभिजीत सिंह ने कृषि उपज मंडी बडोरा में मक्का के चौकड़ों और माल के समय पर उठाव को लेकर शुक्रवार को व्यापारियों की एसडीएम कार्यालय में बैठक ली। इस दौरान नीलामी के बाद मक्का के उठाव में हो रही देरी से मंडी में उत्पन्न अव्यवस्थाओं पर गंभीर चर्चा हुई। एसडीएम डॉ.सिंह ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में हर हाल में माल का उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने व्यापारियों को 20 अप्रेल 2026 की शाम तक का अंतिम समय दिया है। यदि इस अवधि में मंडी परिसर से मक्का का उठाव नहीं होता है, तो संबंधित व्यापारियों के लाइसेंस निरस्त करने, क्रय-विक्रय पर रोक लगाने सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में 24 घंटे के भीतर माल उठाव सुनिश्चित करना मंडी प्रशासन एवं मंडी सचिव की जिम्मेदारी है। इस संबंध में लापरवाही पाए जाने पर एसडीएम डॉ.सिंह ने मंडी सचिव सुरेश परते को को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने निर्देशित किया कि यदि भविष्य में निर्धारित समयावधि तक मंडी प्रांगण से चौकड़ों का उठाव सुनिश्चित नहीं किया गया, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करते हुए दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। शासन को होने वाली क्षति की वसूली मंडी सचिव के वेतन से की जाएगी। बैठक में प्रमुख व्यापारी निलेशलाल भिकुलाल गोपाल ट्रेडर्स, हीरालाल भिकुलाल, प्रमोद अग्रवाल, श्याम, पीयूष अग्रवाल, मनोज ईसरे, राजेश आहूजा, आरके अग्रवाल, रामकिशोर राठौर एवं मुकेश टेढिय़ा, मुकेश राठौर उपस्थित रहे।
मक्का की नीलामी रही बंद
कृषि मंडी में शुक्रवार को मक्का की नीलामी बंद रही। मक्का की अधिक आवक और व्यपारियों द्वारा बोरे का उठाव नहीं किए जाने से मंडी में अव्यवस्था हो रही थी। नीलामी बंद रखने के संबंध में व्यापारियों ने मंडी सचिव को लिखकर दिया गया था।
Updated on:
17 Apr 2026 09:03 pm
Published on:
17 Apr 2026 09:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
