
3 Died In Road Accident: हरियाणा के पलवल सोहना रोड पर धतीर पुलिस चौकी के निकट मंगलवार को हुए सड़क हादसे में कामां क्षेत्र के गांव सहेडा निवासी पिता, पुत्र और पुत्रवधू की मौत के बाद बुधवार को तीनों की एक साथ अर्थी उठने से सभी की आंखे नम हो गई। पिता,पुत्र और पुत्रवधू की एक साथ दो अलग-अलग चिता बनाकर अन्तिम संस्कार किया गया। तीनों को मुखाग्नि मृतक डिब्बन के छोटे पुत्र राजेन्द्र ने दी।
कामां तहसील के गांव सहेडा निवासी दिगम्बर शर्मा ने बताया कि गांव के डिब्बन पुत्र ढुल्लन जाटव और उसका पुत्र कुंवर सिंह, पुत्रवधू लता सहित प्रिंस पुत्र कुंवर सिंह और डिब्बन का भांजा लोकेश सोमवार सांय को गांव सहेडा से ईको कार में सवार होकर हरियाणा के पलवल होते हुए सोहना जा रहे थे। इस दौरान पलवल सोहना रोड पर धतीर चौकी के निकट उनकी ईको कार सामने से आ रही स्कारपीओ कार से टकरा गई। जिसमें सहेडा निवासी 62 वर्षीय डिब्बन पुत्र ढुल्लन जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक डिब्बन के 40 वर्षीय पुत्र कुंवर सिंह व 38 वर्षीय पुत्रवधू लता गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक पिता, पुत्र व पुत्रवधू का दो अलग-अलग चिताओं पर एक साथ अन्तिम संस्कार किया गया। तीनों को मुखाग्नि मृतक डिब्बन के छोटे पुत्र राजेन्द्र के द्वारा दी गई। इस दौरान सभी की आंखें नम हो गई। दो दिन से गांव सहेडा में मातम छाया हुआ है। वहीं घायल मृतक कुंवर के पुत्र प्रिंस व मृतक डिब्बन का भांजा लोकेश का उपचार पलवल के अस्पताल में चल रहा है।
Updated on:
2 Jan 2025, 9:23 AM IST
Published on:
2 Jan 2025, 9:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.