
चौबीस घंटे में बदले नदबई थाना प्रभारी, गढ़ीबाजना भेजा
भरतपुर. पुलिस महकमे में इन दिनों तबादला का दौर बना हुआ है। दो दिन पहले एसआई महेन्द्र कुमार शर्मा को नदबई थाना प्रभारी लगाया गया। चार्ज संभालने के चौबीस घंटे बाद ही उनका स्थानांतरण बयाना सर्किल के गढ़ीबाजना थाने पर कर दिया। उधर, गढीबाजना थाना प्रभारी रामचंद्र मीणा को यातायात शाखा में लगाया है। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने बताया कि एसआई महेन्द्र कुमार को नदबई से गढ़ीबाजना थाना प्रभारी और एसआई रामचंद्र को यातायात शाखा में तैनात किया है। उधर, वापस रिक्त हुए नदबई थाना प्रभारी के पद पर जल्द सीआई की नियुक्ति होगी। सूत्रों के अनुसार गत दिनों धौलपुर से भरतपुर जिले में तबादला होकर आते समय रूपवास इलाके में सीआई बनय सिंह हादसे में घायल हो गए थे। उन्हें नदबई थाना प्रभारी लगाना था लेकिन हादसे की वजह से एसआई महेन्द्र शर्मा को नदबई थाना प्रभारी लगा दिया। अब बताया जा रहा है कि सीआई बनय सिंह की एक-दो दिन में नदबई थाना प्रभारी के पद पर नियुक्ति हो सकती है। हालांकि, अभी उनका स्वास्थ्य पूरी तरह सही नहीं है। इससे पहले एसआई श्रवण पाठक को उच्चैन थाना प्रभारी लगाया गया। उन्हें भी कुछ दिन पहले उच्चैन थाने पर लगाए एसआई महावीर प्रसाद के स्थान पर लगाया था। उच्चैन थाने पर कुछ समय से स्थाई थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं हो पा रही है। महावीर सिंह से पहले एसआई रामचंद्र उच्चैन थाने पर थे।
दोस्त को छोड़कर लौट रहे बाइक सवार युवक की हादसे में मौत
उच्चैन. बयाना-भरतपुर मार्ग स्थित गांव पना के पास बाइक-बोलेरो की टक्कर होने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक अपने दोस्त को करौली छोड़कर वापस भरतपुर लौट रहा था। पुलिस ने शव को सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना प्रभारी श्रवण पाठक ने बताया कि कॉलोनी हीरादास भरतपुर निवासी लोकेश (32) पुत्र रामकुमार जाटव रविवार को अपने दोस्त को करौली छोडकर वापस भरतपुर लौट रहा था। गांव पना के पास बाइक व बोलेरो में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिससे बाइक सवार लोकेश की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव को सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने बोलेरो को जब्त किया है।
Published on:
19 Jul 2021 11:17 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
