भरतपुर . डीग क्षेत्र के कुछ लोगों ने सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर एक प्रकरण में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन किया। साथ ही तफ्तीश बदलकर किसी निष्पक्ष एवं ईमानदार अधिकारी से कराने की मांग की।
डीग क्षेत्र के गांव ऊमरा निवासी विष्णु पुत्र श्याम सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में कहा है कि नौ जून को प्रार्थी ने पुलिस थाना सदर डीग में अपने भाई बृजभूषण उर्फ नहने के मर्डर की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी तफ्तीश एसएचओ हवा सिंह कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। पत्र में आरोप है कि नामजद आरोपी खुले में घूम रहे हैं और सरेआम धमकी दे रहे हैं कि इस प्रकरण में डीग पुलिस हमारे खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकती, क्योंकि डीग सीओ आशीष कुमार प्रजापति हमारे खास रिश्तेदार हैं। पत्र में कहा है कि इसके चलते प्रार्थी को डीग थाने से निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। पत्र में थाना डीग से तफ्तीश बदलकर एसपी ऑफिस के किसी भी निष्पक्ष उच्च अधिकारी से कराने की मांग की है, जिससे हमें न्याय मिल सके। ज्ञापन देते समय गोविंद ब्रजवासी, कालीचरण, अजयपाल, देवी सिंह, उदय सिंह, बृजेश एवं अमित आदि मौजूद रहे।