(बठिंडा): पंजबा में नशा विरोधी अभियान के तहत तस्करों की धरपकड़ में जुटी पुलिस (Punjab Police) पर बुधवार को हमला हो गया। पुलिसकर्मियों पर फायरिंग (Attack On Police Video) और पथराव किया गया। इसमें चार पुलिस कर्मी बुरी तरह से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक जने की मौत हो गई।
पुलिस वालों को घसीटा…
दरअसल हुआ यूं कि बठिंडा जिले की पुलिस सुबह छह बजे नशा तस्कर को पकडऩे के लिए हरियाणा के सिरसा जिले में पहुंची। सीआईए स्टाफ वन की टीम एएसआई हरजीवन सिंह की अगुवाई में नशा तस्करी मामले में लंबित कुलविंदर सिंह को जिले के देसूजोधा गांव से गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने लगी। इससे गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थराव कर दिया। कुछ पुलिस कर्मियों के गले में रस्सियां डालकर उन्हें घसीटा गया।
गोली लगने से एक की मौत…
पुलिस ने अपने बचाव में फायरिंग की। एक गोली आरोपी कुलविंदर सिंह के चाचा जग्गा सिंह को जा लगी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गांव वालों ने पुलिस पर फायरिंग भी की। इसमें एक एएसआई समेत कांस्टेबल कमलजीत सिंह और दो अन्य कांस्टेबल घायल हो गए।
कमरे में छिपे जवान, बाहर निकाल कर मारा…
गांववासियों की ओर से किए गए पत्थराव के बाद महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिस कर्मी अपनी जान बचाने के लिए एक कमरे में छिप गए। लेकिन गांववासियों ने कमरे के दरवाजे तोडक़र दोनों को डंडे एवं अन्य तेजधार हथियार से पीटने लगे। वे कांस्टेबल को कमरे से बाहर ले गए और उसकी पिटाई की। फिर दूसरे कांस्टेबल जगमीत सिंह का हाथ एक कपड़े से बांधकर उसे सड़क पर घसीटते हुए ले गए। कुछ लोग उसे डंडे से पीटते नजर आ रहे है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
कांस्टेबल की हालत गंभीर…
सभी घायलों को उपचार के लिए बठिंडा के मैक्स अस्पताल में लाया गया। कांस्टेबल कमलजीत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर गांव देसूजोधा में भारी पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया। डीएसपी एच राकेश भी पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे। दूसरी तरफ बठिंडा के मैक्स अस्पताल में एसएसपी नानक सिंह घायल पुलिस कर्मियों से बातचीत करने पहुंचे।
हरियाणा पुलिस बठिंडा के लिए रवाना
डबवाली के डीएसपी कुलदीप बैनीवाल का कहना था कि पुलिस मृतक जग्गा सिंह के परिवारक सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है। दूसरी तरफ घायल पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज करने के लिए हरियाणा पुलिस की टीम बठिंडा के लिए रवाना हुई।
पंजाब की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
यह भी पढ़ें: Video: दशहरे का खूनी मंजर, ट्रेन की चपेट में आए थे 60 लोग, मदद को भटक रहे पीड़ित परिवार