भिलाई

देखो.. 17 करोड़ खर्च करने के बाद भी डुबान क्षेत्र में रहने वालों को नहीं मिलेगी राहत

छोटे नाला में निगम बहा रहा पैसा,

2 min read
Jul 16, 2023
देखो.. 17 करोड़ खर्च करने के बाद भी डुबान क्षेत्र में रहने वालों को नहीं मिलेगी राहत

भिलाई. 17 करोड़ खर्च करने के बाद भी डुबान क्षेत्र में रहने वालों को बारिश में राहत नहीं मिलेगा। नगर निगम, भिलाई में कोसानाला के समीप पर बसी करीब आधा दर्जन से अधिक बस्तियों में रहने वाले बरसात के दिनों में प्रभावित होते हैं। यह पूरा क्षेत्र बारिश के पानी से डुबान में आ जाता है। प्रियदर्शनी परिसर से जेवरा सिरसा के मध्य नाला के करीब में लगभग 2600 मकान हैं। इन मकानों में रहने वाले लोग बारिश के दिनों में चैन की नींद नहीं सो पाते हैं। नाला निर्माण करने मोटी रकम आने के बाद भी यहां काम अधिकारी नहीं करवा रहे हैं।

कौन कर रहा मॉनीटरिंग
17 करोड़ के इस कार्य को नगर निगम, भिलाई के कौन से दफ्तर से संचालित किया जा रहा है। यह स्पष्ट नहीं है। नेहरू नगर जोन-1 के प्रभारी अधिकारी का कहना है कि जोन-1 इस काम को नहीं करवा रहा है। मुख्य कार्यालय के परियोजना विभाग से इस काम को कर रहे हैं। वहीं परियोजना विभाग के अधिकारी का कहना है कि जोन-1 से इस काम को कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में ठेकेदार के काम की मॉनीटरिंग कौन कर रहा है। यह सवाल उठ रहा है।

8 साल पहले तैयार किए मसौदा
प्रियदर्शनी परिसर से जेवरा सिरसा नाला निर्माण करने के लिए 8 साल पहले नगर निगम, भिलाई ने मसौदा तैयार कर शासन को भेजा था। इस मसौदे को स्वीकृति और टेंडर करने में 5 साल लग गए। अब जाकर यह काम शुरू हुआ है, तो उसे अधिकारियों ने रोककर, दूसरे नाले का काम करवा रहे हैं। क्षेत्र के सबसे बड़े नाले में से एक कोसानाला, सुपेला के लिए शासन ने बड़ी रकम एक बार भेज दी है, तब उसका काम पूरा किए जाने की जरूरत थी। अधिकारी उक्त राशि को दूसरे छोटे नाला में खर्च करने में जुट गए हैं। ऐसे मेें बड़े नाला का काम अधूरा ही रह जाएगा।

10,000 लोग हैं प्रभावित
डुबान क्षेत्र में रसने आवास, राधिका नगर, मराठी मोहल्ला, गांधी कालोनी, दीक्षित कालोनी, दुर्गा नगर, अटल आवास आते हैं। यहां करीब 10 हजार से अधिक लोग निवास करते हैं। बारिश होने के बाद यहां नाला का पानी धीरे-धीरे चढऩे लगता है। यह वही नाला है, जिमसें बारिश के दौरान टाउनशिप का पानी आता है। बारिश की झड़ी लगने से रसने आवास तक पहुंचने के लिए रास्ता तक बंद हो जाता है। बड़े नाला को साफ कर निर्माण कर दिया जाता, तो दिक्कत दूर हो सकती थी।

किया जाना था यह काम
नगर निगम, भिलाई के वार्ड-3, 4 व 5, 7 में कोसा नगर, राधिका नगर के मध्य नाला में दोनों ओर रिटर्निंग वाल और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है। यहां काम शुरू किए और कुछ दूर निर्माण करने के बाद उसे अधूरा छोड़ दिए। अब इसके पीछे से गुजरे छोटे नाला का निर्माण काम शुरू किए हैं। स्थानीय लोग चाहते हैं कि पहले जिस नाला के रिटर्निंग वाल के लिए पैसा आया है, उसे बना लें। इसके बाद दूसरे नाला का काम हो।

Published on:
16 Jul 2023 08:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर