
भिलाई. सिविक सेंटर, न्यू सिविक सेंटर और सेक्टर 10 मार्केट की ओर से आवाजाही करने वाली कोचिंग सेंटर की छात्राओं के साथ राह चलते छींटाकशी करने वाले 39 मनचलों को पुलिस टीम ने शुक्रवार को अलग-अलग जगहों से दबोचा और सबक सिखाया।
पैरेंट्स को मौके पर बुलाकर मनचलों की करतूत बताई। पैरेंट्स के सामने ही सख्त लहजे में पुलिस ने मनचलों को समझाया और छोड़ दिया। वहीं मोटर साइकिल पर प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न, साइलेंसर व नीली-पीली बत्तियां लगाकर लोगों को परेशान करने वाले युवकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कोचिंग सेंटर की छात्राओं ने शिकायत की थी कि मनचले आए दिन छींटाकशी करते हैं। छात्राओं के आने-जाने के समय मनचले सक्रिय हो जाते हैं। ये ऐसी हरकतें करते हैं कि कोचिंग सेंटर जाना मुश्किल हो गया है।
शिकायत को एएसपी ने गंभीरता से लिया सीएसपी वीरेन्द्र सतपथी से कार्रवाई करने को कहा। चार पहिया, दोपहिया लिए बेवजह बैठे मिले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के हाथ लगते ही मनचले कई तरह के बहाने बना रहे थे। दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की समझाइश पर छोड़ दिया गया।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
इस दौरान पुलिस टीम ने ६ बाइक से प्रेशर हॉर्न निकाले। प्रतिबंध के बाद भी प्रेशर हॉर्न बजाकर लोगों को परेशान कर रहे थे। ४ प्रतिबंधित साइलेंसर व ८ नीली-पीली बत्ती भी बरामद की गई। इनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर बाइक चालक मनचलों के पालकों तक उनकी हरकतों की खबर पहुंचाई गई।
कार्रवाई की सराहना
पुलिस की इस कार्रवाई से सेक्टर एरिया की महिलाओं ने हर्ष व्यक्त किया और कहा कि यह कार्रवाई पहले क्यों नहीं हुई। सीएसपी वीरेन्द्र सतपथी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह कार्रवाई बीच-बीच में जारी रहेगी। निश्चिंत होकर आना-जाना करें। एएसपी शहर शशिमोहन सिंह ने बताया कि छात्राओं की ओर से शिकायत मिली थी। टीम बनाकर मनचलों को सबक सिखाया गया है। कोई भी मामला हो, लोग बेझिझक पुलिस से संपर्क करें।
इन नंबरों पर कर सकते हैं शिकायत
9479192003, 9479192000, 9479192022 में सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत बता सकते हैं।
Updated on:
16 Dec 2017 11:20 am
Published on:
16 Dec 2017 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
