13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डोली उठने के साथ बेटी को मिलेगी पिता की मौत की दु:खद खबर, पढि़ए पूरी खबर

भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के पूर्व महामंत्री व छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के सदस्य दिलीप शुक्ला 62 साल का दु:खद निधन हो गया है।

2 min read
Google source verification
Bhilai BJP leader Dilip shukla, Sad news,

भिलाई. बेटी को दुल्हन के रूप में देखने और विदाई के लिए डोली उठाने का सुखद सपना एक पिता के लिए अधूरा रह गया है। गोद में खिलाई और पली बढ़ी बेटी की शादी की खुशी में शामिल होने जा रहे पिता को नियति के क्रूर हाथों के सामने नतमस्तक होना पड़ गया। काल के क्रूर पंजे ने उसे बेटी की विदाई के पहले ही रास्ते में उठा लिया। परिवार पर मुसीबतों का ऐसा पहाड़ टूटा है कि बेटी की विदाई के खुशी के साथ जीवन भर का गम भी दे गया।

इकलौती बेटी का विवाह सोमवार को भोपाल में

भिलाई-तीन के दिलीप शुक्ला की इकलौती बेटी का विवाह सोमवार को भोपाल में संपन्न होना है। रविवार को तिलक की रस्म थी। तिलक की रस्म निभाने जा रहे दिलीप शुक्ला की नागपुर से कुछ आगे ह्दयघात से दु:खद निधन हो गया। बता दें कि दिलीप शुक्ला के परिवार के अधिक सदस्य भोपाल पहुंच चुके हैं। उनकी पत्नी और बेटी को इस दुखद घटना की जानकारी नहीं दी गई है। रविवार को तिलक और सोमवार को विवाह के बाद पत्नी और बेटी को इस दुखद घटना की जानकारी दी जाएगी। भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के पूर्व महामंत्री व छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के सदस्य दिलीप शुक्ला 62 साल का दु:खद निधन हो गया है।

शनिवार को भिलाई-तीन पदुमनगर से भोपाल के लिए निकले थे

दिलीप शनिवार को बेटी मानसी, पत्नी, बहू और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ निवास स्थान भिलाई-तीन पदुमनगर से भोपाल के लिए निकले थे। दुर्ग रेलवे स्टेशन से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से भोपाल जा रहे थे। नागपुर स्टेशन से आगे अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। टायलेट जाने के लिए जैसे ही सीट से उठे, वे गश खाकर नीचे गिर गए। कटौला रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी में ट्रेन को रोका गया और जीआरपी के सहयोग से परिवार के सदस्यों ने उन्हें चिकित्सालय पहुंचाया। जहां शनिवार की शाम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार के साथ आखिरी यात्रा
दिलीप की परिवार के साथ यह अंतिम यात्रा साबित हुई। बेटी मानसी शुक्ला, भारतीय इंजीनियरिंग कॉलेज पुलगांव में लेक्चरर है। शादी का कार्यक्रम भोपाल में होना है। इसलिए परिवार के सदस्य मानसी सहित पत्नी और अन्य सदस्यों को निधन की जानकारी दिए बिना भोपाल रवाना हो गए। परिजन को उनके स्थिति गंभीर और अस्पताल में भर्ती होना बताया गया। परिजन शादी संपन्न हो जाने के बाद उनके निधन की दु:खद सूचना देंगे।

दो दिन बाद अंतिम संस्कार
उनके निधन की खबर से भाजपा सहित भिलाई-तीन में शोक का माहौल है। जिसने भी यह खबर सुनी एकबार में किसी को विश्वास ही नहीं हुआ। सभी ने गहरा दु:ख जताते हुए बेटी की शादी कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो जाने की कामना की। निधन की सूचना मिलते ही भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष संावला डाहरे सहित अन्य पदाधिकारी नागपुर पहुंचे। वहां से उनके पार्थिव शरीर को सेक्टर-9 भिलाई के मॉरच्यूरी में रखा गया है। इस दौरान भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ सरोज पांडेय भी मौजूद रही। पार्टी कार्यकर्ता के हवाले से यह सूचना दी गई है कि शादी की रस्म पूरी होने के बाद भिलाई-तीन में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। संभवत: मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।