
Crime (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Crime News: टाउनशिप के सेक्टर-8 स्थित एक मकान में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 51 वर्षीय महिला शिक्षिका रंजना देवांगन का जला हुआ शव उनके ही घर के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा परिजनों को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, रंजना देवांगन अपने निवास पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। मंगलवार सुबह उन्होंने एक बैच को पढ़ाया था। शाम को जब दूसरे बैच के छात्र ट्यूशन के लिए पहुंचे और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो छात्रों ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। संदेह होने पर पुलिस को बुलाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान बाथरूम में महिला का जला हुआ शव मिला। दृश्य देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल मौके को सील कर जांच शुरू की।
भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतका का बेटा चिकित्सक है। घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद सेक्टर-8 क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।
Updated on:
11 Feb 2026 10:28 am
Published on:
11 Feb 2026 10:28 am
