सीएम भूपेश बघेल को लिखे गए पत्र में सांसद सरोज पांडेय ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर रहते हुए, चुनावी घोषणा पत्र में छत्तीसगढ़ की सभी माताओं-बहनों को विश्वास दिलाया था, कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी, तो पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी। आपके वादे पर छत्तीसगढ़ की बहनों ने आपको दोनों हाथों से आशीर्वाद दिया और आप पर विश्वास किया, जिसके फलस्वरूप आप छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की संस्कृति में बहनों का विशेष महत्व है। तीजा-पोरा, राखी यह बहनों के त्योहार हैं। अपने भाइयों के लिए छत्तीसगढ़ की हर महिला वर्षभर तीजा व रक्षाबंधन का इंतजार करती है, और भाई भी उसे कुछ ना कुछ उपहार देता है।