
धुर नक्सल प्रभावित गोलापल्ली में कई सालों से बंद उप स्वास्थ्य केंद्र दोबारा शुरू, गूंजी पहली किलकारी
भिलाई. कई साल बंद रहने के बाद सुकमा जिले के धुर नक्सल प्रभावित गोलापल्ली में दोबारा खुले उप स्वास्थ्य केंद्र में पहली किलकारी गूंजी तो नवजात के परिजनों के साथ पूरा अस्पताल स्टॉफ भी काफी खुश हुआ। गोलापल्ली उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए यह पहला मौका था जब वहां किसी नवजात की किलकारी गूंजी थी। दुर्गम और दूरस्थ इलाकों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की राज्य शासन की कोशिशें अब रंग ला रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई सालों से बंद पड़े इस उप स्वास्थ्य केंद्र को दोबारा शुरू किया है। गोलापल्ली से चार किलोमीटर दूर जिन्नेलंका गांव में रहने वाली माड़वी नागमणि ने वहां प्रशिक्षित अस्पताल स्टॉफ की देखरेख में अपने दूसरे पुत्र को जन्म दिया।
नियमित करवा रहे थे जांच
नागमणि के पति लखन माड़वी बताते हैं कि उप स्वास्थ्य केंद्र के दोबारा शुरू होने के बाद वे अपनी गर्भवती पत्नी की वहां नियमित जांच करवा रहे थे। स्वास्थ्य केंद्र में एएनसी पंजीयन के बाद चार बार जांच की गई। माता व शिशु के लिए उपयुक्त आहार की जानकारी भी महिला स्वास्थ्य कर्मी ने दी। जिसका पालन किया। मजदूरी कर जीवन-यापन करने वाले माड़वी ने बताया कि उनकी पत्नी को प्रसव की संभावित तिथि के अनुसार तीन दिन पहले अस्पताल में दाखिला मिल गया था। वहां जच्चा-बच्चा दोनों की अच्छी देखभाल की गई।
पहले बच्चे का जन्म हुआ था घर पर
नागमणि ने बताया कि इस बार अस्पताल में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में होने से जचकी के दौरान वह बिलकुल भी तनाव में नहीं थीं। स्वास्थ्य केंद्र में अपने बच्चे को जन्म देना सुखद और सुरक्षित अनुभव रहा। चार साल पहले बड़े बेटे के जन्म के समय क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उस समय खतरों के बीच घर पर ही प्रसव करना पड़ा। इस स्वास्थ्य केंद्र के दोबारा शुरू होने से गोलापल्ली जैसे दुर्गम क्षेत्र में अब संस्थागत प्रसव व बच्चों व गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण के साथ ही अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगेंगी।
शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव है लक्ष्य
उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मी बीवी रमनम्मा कहती हैं कि गोलापल्ली में इस केंद्र के दोबारा शुरू हो जाने से अब लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी राहत है। सुविधा नहीं होने से महिलाएं घर पर ही प्रसव करवाती थीं जिसमे माता व शिशु को संक्रमण का खतरा रहता है। अब प्रसव के लिए वे अस्पताल आ सकेंगी। यह यहां उप स्वास्थ्य केंद्र में पहला संस्थागत प्रसव था.
Published on:
08 Dec 2020 10:55 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
