
बिजौलियां थाना पुलिस ने डकैती, लूट व नकबजनी की सौ से अधिक वारदातों के मामले में एक अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा है। राजकुमार बाछड़ा नाम से कुख्यात इस गिरोह के सात आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। सभी मध्यप्रदेश के हैं। इनसे एक कट्टा, लोह की रॉड व टॉमी तथा दो कार जब्त की है। इनमें दो अभियुक्तों पर बूंदी पुलिस ने 25-25 हजार रुपए इनाम घोषित कर रखा है। इन्होंने राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक ,गुजरात में लूट, नकबजनी, डकैती व चोरी की वारदात कबूल की है।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि बिजौलियां के कैलाशचन्द खटीक ने 17 जुलाई को घर में डकैती की रिपोर्ट दी। थानाधिकारी लोकपाल सिंह की अगुवाई में टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वारदात में सात जनों को पकड़ा तो राजस्थान की 28 सहित अन्य राज्यों की सौ से अधिक वारदातों की जानकारी दी है।
मध्यप्रदेश के मनासा के हाड़ी पीपलिया का भीमा बाछड़ा और मोहित मालवीय, नीमच के पप्पू कुमार कुमावत, अजय मालवीय ईश्वरदास बैरागी, राजकुमार मालवीय तथा राहुल बाछड़ा को गिरफ्तार किया गया।
Updated on:
31 Jul 2024 01:56 pm
Published on:
31 Jul 2024 01:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
