
आबोहवा पर अब और पैनी नजर: एक करोड़ की लागत से लगेगी नई एक्यूआई मशीन
औद्योगिक नगरी भीलवाड़ा की हवा की गुणवत्ता (एयर क्वालिटी) की सटीक और 24 घंटे निगरानी के लिए शहर में एक और नई अत्याधुनिक मशीन स्थापित की जा रही है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से करीब एक करोड़ रुपए की लागत से यह सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली नेहरू विहार के सेक्टर नंबर 17 स्थित एक पार्क में लगाई जा रही है। इस नई मशीन के लगने से आमजन को शहर के प्रदूषण स्तर का रीयल-टाइम (वास्तविक समय) डेटा और अधिक सटीकता से मिल सकेगा।
वर्तमान में शहर की हवा मापने के लिए प्रतापनगर स्कूल मैदान में एक मशीन पहले से कार्य कर रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़े आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शहर में डिस्प्ले व्यवस्था को और मजबूत किया है। वर्तमान में प्रतापनगर स्कूल के बाहर और जिला कलक्ट्रेट पर दो एलईडी स्क्रीन डिस्प्ले पहले से चालू हैं। अब तिलक नगर और सर्किट हाउस के बाहर भी नई एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन चार बड़ी स्क्रीनों और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से शहरवासी 24 घंटे अपने शहर की हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) का लाइव डेटा देख सकेंगे।
नए डिस्प्ले बोर्ड की स्थापना को लेकर प्रशासनिक स्वीकृतियां भी जारी हो गई हैं। सर्किट हाउस के महाप्रबंधक हेमंत कांत विनय ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी को डिस्प्ले बोर्ड लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की आधिकारिक सहमति दे दी है। सर्किट हाउस के बाहर लगने वाले इस नए डिस्प्ले की साइज 8 गुना 12 फीट होगी। इस डिस्प्ले की स्थापना और संचालन का पूरा खर्च स्वयं प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से वहन किया जाएगा।
राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेटवाल ने बताया कि राज्य स्तर पर वायु प्रदूषण की निगरानी को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके तहत राजस्थान के कुल 15 शहरों में नए सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत भीलवाड़ा के नेहरू विहार पार्क में यह नई मशीन लगाई जा रही ह। इससे शहर में प्रदूषण निगरानी तंत्र पहले से कहीं अधिक मजबूत और पारदर्शी हो जाएगा।
Published on:
22 Apr 2026 08:56 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
