
आठ माह बाद भी काम अटका: मेवाड़ मिल-संतोषी माता मंदिर रोड पर जाम का झाम
भीलवाड़ा शहर के मेवाड़ मिल से संतोषी माता मंदिर होते हुए पांडू के नाले तक जाने वाले मार्ग पर इन दिनों राहगीरों और क्षेत्रवासियों का निकलना दूभर हो गया है। सड़क की बदहाली के चलते यहां हर दिन जाम की स्थिति बन रही है। आठ माह पहले बड़े जोर-शोर से इस मार्ग को 100 फीट चौड़ा करने का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। क्षेत्रवासी अधिवक्ता तेजेन्द्र सिंह शक्तावत ने बताया कि 5 सितंबर 2025 को सांसद दामोदर अग्रवाल, क्षेत्रीय विधायक और कलक्टर की मौजूदगी में इस 100 फीट रोड निर्माण का शिलान्यास किया गया था। विभाग की ओर से टेंडर भी जारी कर दिए गए थे। जनता को उम्मीद थी कि अब उन्हें चौड़ी और सुगम सड़क मिलेगी, लेकिन आठ माह बीतने के बाद भी काम आगे नहीं बढ़ा है। मौके पर सिर्फ विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य ही हुआ है, सड़क निर्माण के नाम पर जमीन पर कोई काम नहीं दिख रहा है।
दिन-ब-दिन बिगड़ रही हालत, अब सता रहा बारिश का डर
सड़क निर्माण अटका होने से मार्ग की हालत लगातार खराब होती जा रही है। वाहनों के दबाव और बदहाल सड़क के कारण यहां रोजाना लंबा जाम लग रहा है। शक्तावत ने बताया कि अब क्षेत्रवासियों को आगामी मानसून की चिंता सताने लगी है। अगर बारिश से पहले सड़क का निर्माण नहीं हुआ, तो हालात और भयानक हो जाएंगे। बारिश में यहां कीचड़ और जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो जाएगा और लोगों का घरों से निकलना तक दूभर हो जाएगा। क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस ओर तुरंत ध्यान दिया जाए और सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाया जाए, ताकि राह सुगम हो सके। ऐसा नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों को जल्द ही आन्दोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। क्षेत्र के लोगों का यह भी कहना है कि शहर की सड़कों के हालात बिगडे हुए है। बारिश से पहले इन्हें ठीक नहीं किया गयातो आमजन को परेशानी होगी।
Published on:
25 Apr 2026 09:02 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
