
सेवानिवृत कर्मचारी के साथ एवजी के रूप में काम करता था बाहरी व्यक्ति
Bhilwara news : खनिज विभाग भीलवाड़ा में रॉयल्टी पर्ची के गड़बड़झाले के मामले में नया खुलासा हुआ है। खनिज विभाग के अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय में कार्यरत पूर्व कर्मचारी के साथ अन्य व्यक्ति काम करता था। इस कर्मचारी के साथ ठेकेदार भी था। ये दोनों सार्वजनिक निर्माण विभाग के काम करने वाले ठेकेदारों को 30 रुपए प्रति टन के आधार पर रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध करवाते थे। उसके बाद भी ठेकेदार को 10 रुपए प्रति टन की बचत होती थी। इस लालच में ठेकेदार फर्जी रवन्ना या रॉयल्टी पर्ची खनिज विभाग में एनओसी के लिए पेश करते है।
विभाग के कर्मचारी भी मिलीभगत के चलते फाइल पास कर देते थे। यह खेल तीन-चार साल से चल रहा है, लेकिन अधिकारी नजरअंदाज करते रहे। सहायक खनिज अभियन्ता सुरेश अग्रवाल के काम संभालने के बाद इस पर ब्रेक लग गया।
विभाग में हड़कंप
राजस्थान पत्रिका की ओर से इसका खुलासा करने के बाद विभाग के कर्मचारियों में हड़कम्प मचा हुआ है। राजस्थान पत्रिका की ओर से 9 अगस्त को गड़बड़झाला: असेसमेंट के नाम पर फर्जी रवन्ना पर्ची का खेल तथा 11 अगस्त को रॉयल्टी असेसमेंट की फाइलों की गहनता से जांच पर मिल सकती गडबडियां तथा 22 अगस्त को असेसमेंट के नाम पर खेल, बाजार में छपवा पेश कर रहे रॉयल्टी पर्चियां प्रकाशन के बाद से ही कर्मचारी अपने पुराने पाप को छुपाने में लगे है।
विभाग के ही अधिकारियों का कहना है कि एसटीपी जारी करने वाले एक सेवानिवृत कर्मचारी शिव शर्मा के साथ अभिषेक नामक का युवक विभाग में काम करता था। वह तीन-चार साल से कार्यालय में बैठकर काम करता था, लेकिन रॉयल्टी पर्चियों का खुलासा होने के बाद से अभिषेक नदारद है। उसका फोन बंद है। इसके साथ ठेकेदार हनुमान भी था। ये दोनों मिलकर ब्यावर के आरसीसी ठेकेदार के नाम से फर्जी रवन्ना व रॉयल्टी पर्ची बुक बाजार में छपवाकर उसे ठेकेदारों के बेचते थे। हनुमान 20 रुपए टन में अभिषेक को देता था तो अभिषेक उसे 30 रुपए टन में ठेकेदारों को बेचता था। एनओसी फाइल को पास करने के बदले अलग से सुविधा लेते थे। फर्जी रॉयल्टी पर्ची का खुलासा विभाग की प्रारम्भिक जांच में हो चुका है।
कौन है अभिषेक
खनिज विभाग के अधिकारी का कहना है कि उन्हें कुछ समय पहले ही जानकारी मिली कि शिव शर्मा के साथ अभिषेक नामक युवक काम करता था। उसके बदले शिव उसे हर माह वेतन देता था। इस गड़बड़झाले का खुलासा होने के बाद उसे यहां से भगा दिया गया है। लेकिन यह अभिषेक कौन है, इस बारे में उच्च अधिकारी कुछ नहीं जानते हैं।
Published on:
24 Aug 2024 11:22 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
