7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आचार संहिता ने अटकाए काम, सरकारी विभागों से दूर आम

दफ्तरों में सन्नाटा, चुनाव ड्यूटी में व्यस्त कार्मिक
2 min read
Google source verification
आचार संहिता ने अटकाए काम, सरकारी विभागों से दूर आम

आचार संहिता ने अटकाए काम, सरकारी विभागों से दूर आम

भीलवाड़ा विधानसभा चुनाव की आचार संहिता ने आमजन के काम अटका दिए। नगर विकास न्यास, नगर परिषद व जिला परिषद जैसे कार्यालयों के अधिकांश कर्मचारी व अधिकारी चुनाव ड्यूटी में हैं। इन दफ्तरों में दिन भर सन्नाटा पसरा रहता है।

आमजन ने सरकारी विभागों से दूरी बना रखी है। जो लोग आ रहे हैं, उन्हें 5 दिसंबर के बाद आने को कहा जा रहा है। इधर, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की निर्वाचन एवं प्रचार प्रसार संबंधी काम लेकर कलक्ट्रेट में दिनभर आवाजाही जरूर है। गांवों की समस्या का समाधान नहीं होने पर मतदान की बहिष्कार की चेतावनी देते हुए कुछ गांवों के लोग भी समूह में ज्ञापन देने आ रहे हैं।

यूआईटी : सामान्य काम भी नहीं हो रहे
न्यास में बैंक व पेयजल कनेक्शन एनओसी, निर्माण स्वीकृति, नामांतरण जैसे सामान्य काम तक बंद हैं। यहां के बाबू चुनाव ड्यूटी में हैं। हालांकि इन कार्यों के लिए अलग कर्मी लगा रखे हैं, लेकिन काम नहीं कर पा रहे हैं। किस्त तक जमा नहीं हो रही है। सचिव अभिषेक खन्ना बोले, निशुल्क या रियायती पट्टा व संस्था या व्यक्ति को भूमि आवंटन नहीं किया जाएगा। अन्य काम हो रहे हैं।

नगर परिषद: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बन रहे
नगर परिषद में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के अलावा अन्य काम बंद हैं। निर्माण कार्य की स्वीकृति हो या फाइल की एनओसी अभी बंद है। अधिकांश कर्मचारियों को बीएलओ बना दिया तो अन्य अधिकारी बूथों की व्यवस्था को अंजाम दे रहे हैं। आयुक्त भी अपनी सीट पर नहीं बैठ पा रहे हैं। ऐसे में यहां न पार्षद आ रहे हैं और ना ही आमजन अपने काम लेकर आ रहा है।

जिला परिषद:सभी अधिकारी चुनाव में व्यस्त
जिला परिषद के सभी अधिकारी चुनाव ड्यूटी पर हैं। नए काम को मंजूरी नहीं मिल रही। जिले में मात्र एक लाख लोग मनरेगा में लगे हैं। वैसे जिले में तीन लाख से अधिक लोग काम करते हैं। पीएम आवास योजना में काम नहीं हो रहा। आचार संहिता से पहले जिन कार्यों की स्वीकृति दी थी, वे काम भी शुरू नहीं हो पाए। जिला परिषद में कोई जन प्रतिनिधि नजर नहीं आता है।

कलक्ट्रेट : बस...चुनाव की रौनक
कलक्ट्रेट के विभिन्न विभागों में गिन चुने लोग ही दिनभर में निजी काम लेकर आ रहे हैं। भीड़ से घिरे रहने वाले रसद एवं सामाजिक अधिकारिता विभाग में चहल पहल कम है। जरूरी काम होने पर ही यहां लोग आ रहे हैं। कलक्ट्रेट, एडीएम, एसडीएम, तहसील कार्यालय में कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया में व्यस्त हैं। यहां देर रात तक चुनाव कार्य चलता है।

कम आ रहे फरियादी
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चुनाव व्यवस्था को लेकर काम बढ़ गया। अधिकारी जिले की शांति एवं कानून व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। परिवादियों की भीड़ आम दिनों से कम है।

लिंक अधिकारी नियुक्त
चुनाव कार्यों की व्यस्तता के बावजूद सरकारी महकमों में आमजन का किसी भी स्तर का कार्य नहीं रूक रहा है। आमजन के कार्य प्रभावित नहीं हो, इसलिए सभी विभागों में लिंक अधिकारी नियुक्त है।
आशीष मोदी, जिला कलक्टर भीलवाड़ा

बड़ी खबरें

View All

भीलवाड़ा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग