12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चुनाव में जिले में करीब पांच हजार जवान रहेंगे तैनात

भीलवाडा जिले में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने कड़े इंतजाम किए हैं।
2 min read
Google source verification
चुनाव में जिले में करीब पांच हजार जवान रहेंगे तैनात

चुनाव में जिले में करीब पांच हजार जवान रहेंगे तैनात

भीलवाडा जिले में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर सशस्त्र जवान सुरक्षा की कमान संभालेंगे। पुलिस प्रशासन ने सामान्य, संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का खाका खींचना शुरू कर दिया है।

भीलवाड़ा की सात विधानसभाओं में 1899 बूथों पर चुनाव कराए जाएंगे। इनमें करीब 300 केन्द्र ऐसे हैं, जिन्हें पुलिस ने संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा है। इसे देखते जिले में करीब पांच हजार जवान तैनात किए जाएंगे। चुनाव में जिला पुलिस और स्थानीय होमगार्ड के साथ अन्य जिलों से भी पुलिस अधिकारी और जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

देर रात सख्ती, हर वाहन की जांच
प्रत्याशियों के प्रचार के बीच पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। थाना स्तर पर प्वॉइंट लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। जिले में पांच हजार जवान के साथ अधिकारी तथा बूथ टीम, सेक्टर मोबाइल पार्टी, सुपरवाइजर ऑफिसर, विधानसभा प्रभारी, फ्लाइंग स्क्वॉड (एफएसटी), स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी), जीआरटी सहित अन्य टीमें चुनावी व्यवस्था संभाल रही है।
चप्पे-चप्पे पर नजर

चुनाव से पूर्व कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस ने बाहर से आने वाले, होटल-धर्मशाला में ठहरने वालों के साथ संदिग्ध दिखने वालों की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों से कहा है कि वे अपने इलाके में चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखें। बाहर से आने-जाने वालों के साथ होटल व धर्मशाला में रुकने वालों पर नजर रखें। नए किराएदारों के अलावा बाहर से आए श्रमिक व व्यापारी का ब्योरा पुलिस के पास होना चाहिए। आमजन से किसी भी संदिग्ध के नजर आने पर पुलिस को जानकारी देने को कहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि जिले में विधानसभा चुनाव भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। मतदान के दौरान बूथों पर जिला पुलिस और होमगार्ड समेत आरएसी व पैरामिलिट्री फोर्स के करीब पांच हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।