
Bhilwara firing : मांडल थाना क्षेत्र के सुरास में वार्ड पंच राजू दरोगा पर फायरिंग के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई। इसके चलते ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पीड़ित राजू के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे और जमकर हंगामा किया। पीड़ित की बेटियों व अन्य महिलाओं ने कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर चूडियां बांध दीं और पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अब तक आरोपी हाथ नहीं आए। हंगामे के दौरान युवतियों ने बैरिकेड्स पर चढ़कर प्रदर्शन किया। इस दौरान इनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।
यह है मामला
उल्लेखनीय है कि सुरास निवासी राजू पर तीन दिन पहले खेत जाते समय बाइक सवार कुछ लोगों ने फायर कर दिया था। गोली राजू के गर्दन में लगी। उसका अहमदाबाद में इलाज चल रहा है। पीड़ित के पिता ने 18 जनों के खिलाफ मांडल थाने में मामला दर्ज कराया था। इसके चलते ग्रामीण भीलवाड़ाकलक्ट्रेट पहुंचे। मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए।
यह भी पढ़ें- भीलवाड़ा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के बाडेें
अवैध खनन का आरोप
ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व मंत्री रामलाल जाट के कहने पर चरागाह जमीन पर अवैध खनन हो रहा है। इसके चलते फायरिंग की घटना हुई। उधर, मामले में गठित एसआइटी ने जांच शुरू कर दी है। खनिज व राजस्व विभाग मौके पर पहुंच कर अवैध खनन का पता कर रही है। वहीं, दूसरे दिन भी भीलवाड़ा दौरे पर रहे उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि जो भी दोषी है, उसे बक्शा नहीं जाएगा।
Published on:
06 Feb 2024 10:26 am
