13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bhilwara news : अर्द्धवार्षिक परीक्षा के चलते छात्र नहीं दिखा रहे युवा महोत्सव में रूचि

600 से कम पंजीयन तो नहीं होगा आयोजन, 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक होगा

2 min read
Google source verification
Due to half yearly examination students are not showing interest in youth festival

Due to half yearly examination students are not showing interest in youth festival

Bhilwara news : प्रदेश में लुप्त हो रही परंपरागत खेलों और कला से युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश में युवा महोत्सव के कार्यक्रम अभी भीलवाड़ा जिले के किसी भी ब्लॉक में शुरू नहीं हो पाए। इसकी तारीख 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक है, लेकिन सबसे बड़ी बाधा युवा महोत्सव को लेकर छात्रों का पंजीयन नहीं करवाना है। इसके पीछे मुख्य कारण अर्द्ध वार्षिक परीक्षा को माना जा रहा है।

यह परीक्षा 12 से 24 दिसंबर तक होनी है। पहली बार परीक्षा एक समान स्तर पर होनी है। उसकी तैयारी को लेकर छात्र रूचि नहीं ले रहे है। शिक्षक भी परीक्षा की तैयारी में लगे हैं। महोत्सव लोक संस्कृति व कला विधाओं, विज्ञान-प्रौद्योगिकी व नवाचार थीम पर होना है। शिक्षा विभाग ने भी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कम से कम 600 युवाओं का पंजीयन होने पर ही कार्यक्रम आयोजित करें। यह स्थिति कुछ ब्लॉक में ही है।

राजस्थान की लोक संस्कृति, कला-विज्ञान व प्रौद्योगिकी के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक प्रत्येक ब्लॉक में युवा महोत्सव का आयोजन होना है। भीलवाड़ा व शाहपुरा जिले में 16 ब्लॉक हैं, लेकिन अभी तक एक भी ब्लॉक में कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। क्योंकि लक्ष्य के अनुसार पंजीयन कम हुए हैं।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी योगेश पारीक ने बताया कि युवा महोत्सव पहले 10 दिसंबर तक ब्लॉक स्तर होंगे। उसके बाद 11 से 17 दिसंबर के बीच एक दिवसीय जिला स्तरीय महोत्सव होगा। इसके बाद संभाग स्तर पर 18 दिसंबर से 25 दिसंबर के बीच एक दिवसीय महोत्सव होगा। इसके लिए युवाओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसमें 15 से 29 साल तक के युवा भाग ले सकते हैं। युवा महोत्सव में युवाओं की अधिक भागीदारी के लिए पहली बार ब्लॉक, जिला संभाग, राज्य व राष्ट्रीय सभी स्तर पर विजेताओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न व नगद पुरस्कार दिया जाएगा।

यह भी एक कारण

युवा महोत्सव में हर ब्लॉक से पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर आने वाले करीब 100 युवा अगले चरण में जाएंगे। ऐसे में कम युवा होने पर प्रतिस्पर्द्धा कम होगी। ऐसा भी हो सकता है कि कम युवा होने पर चयन का मौका ही नहीं मिले। इसको ध्यान में रखकर न्यूनतम पंजीयन संख्या 600 रखी गई है।

ब्लॉक वाइज रजिस्ट्रेशन

  • 1171 रायपुर
  • 1046 हुरड़ा
  • 1022 कोटड़ी
  • 614 जहाजपुर
  • 600 मांडलगढ़
  • 575 मांडल
  • 394 आसींद
  • 287 बनेड़ा
  • 239 बदनोर
  • 213 बिजौलियां
  • 166 सुवाणा
  • 163 करेड़ा
  • 136 भीलवाड़ा
  • 101 सहाड़ा
  • 67 गुलाबपुरा
  • 45 शाहपुरा