9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bhilwara: 5 रुपए के गुटखे के लिए बहा खून…तलवार से बचा तो चाकू से युवक की गर्दन पर किए वार

Gutkha Dispute Attack: भीलवाड़ा शहर के दादाबाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम गुटखे के लेनदेन को लेकर हुए बवाल से इलाके में हड़कंप मच गया। मामूली विवाद में एक सनकी हमलावर दूसरे युवक के पीछे तलवार लेकर दौड़ा।

2 min read
Google source verification
चाकूबाजी में घायल युवक अस्पताल में भर्ती, पत्रिका फोटो

चाकूबाजी में घायल युवक अस्पताल में भर्ती, पत्रिका फोटो

Gutkha Dispute Attack: भीलवाड़ा शहर के दादाबाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम गुटखे के लेनदेन को लेकर हुए बवाल से इलाके में हड़कंप मच गया। मामूली विवाद में एक सनकी हमलावर दूसरे युवक के पीछे तलवार लेकर दौड़ा। तलवार से हमला करने में नाकाम रहने पर आरोपी ने युवक की गर्दन पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। कोली मोहल्ले में हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

तलवार से वार नाकाम तो चाकू मारा

हमले में घायल सोनल कोली ने बताया कि वह मोहल्ले में ही था जब गुटखे को लेकर एक युवक उससे बहस करने लगा। अचानक तैश में आकर आरोपी अपने घर से तलवार निकाल लाया और सोनल के पीछे दौड़ पड़ा। सोनल जान बचाने के लिए मौके से भागा। जब आरोपी उस पर तलवार से हमला करने में नाकाम रहा तो उसने अचानक जेब से चाकू निकालकर सोनल की गर्दन पर वार कर दिया। चाकू के वार से पीड़ित की गर्दन से खून का फव्वारा छूट पड़ा। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मौके पर नहीं पहुंची पुलिस

भीमगंज थाना पुलिस घटना की सूचना मिलते ही महात्मा गांधी चिकित्सालय के ट्रॉमा वार्ड पहुंची, जहां घायल का इलाज जारी है। थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि मामूली बात पर चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं और गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस ने क्षेत्र में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी है।

घटना से लोगों में आक्रोश

स्थानीय लोगों के अनुसार दादाबाड़ी क्षेत्र में चाय पान की थड़ियों पर नशेड़ी और संदिग्ध लोगों का जमावड़ा हर समय लगा रहता है। जिसके कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी बाधित होती है। टोकने पर नशेड़ी वाहन चालकों से उलझने से भी बाज नहीं आते। पुलिस की गश्त नहीं होने से नशेड़ियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। शुक्रवार को हुई वारदात में भी पुलिस मौके पर देरी से पहुंची।स्थानीय लोगों ने ही बीचबचाव कर पीड़ित युवक को बचाया।