
भीलवाड़ा/गंगापुर। कस्बे के राजकीय चिकित्सालय में शुक्रवार को नशे में धुत एक युवक ने प्रसव पीड़ा भोग रही प्रसूताओं से न सिर्फ छेड़छाड़ की बल्कि उनके निजी अंगों को चेक करने के बहाने दवाई लगाकर प्रसूताओं और पेट मे पल रहे बच्चे की जिंदगी से भी खिलवाड़ करने की कोशिश की। बाद में परिजनों द्वारा कड़ा विरोध करने पर नशे की हालत में युवक भाग छूटा।
परिजनों को किया बाहर और करने लगा छेड़छाड़
दरअसल, गंगापुर के वार्ड नंबर 6 में रहने वाला सांवर हरिजन शुक्रवार सुबह अस्पताल में प्रसूता कक्ष में जा घुसा और भर्ती प्रसुताओं के परिजनों को बाहर निकाल दिया। बाद में नशे में धुत युवक प्रसुताओं को चेक करने लगा। युवक द्वारा महिलाओं के निजी अंगों से देर तक छेड़छाड़ करने पर प्रसूताओं द्वारा चिल्लाने पर परिजन अंदर आए और इसका कड़ा विरोध किया तो युवक वहां से भाग छूटा।
अस्पताल में हंगामा
घटना पर प्रसूताओं के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा खड़ा कर किया। बाद में अस्पताल प्रभारी डॉ शरद नलवाया ने पुलिस को सूचना दी। उधर, अस्पताल प्रशासन ने भी परिजनों के बयान कलमबद्ध कर युवक के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
वहीं दूसरी ओर...
जैसलमेर। रामदेवरा गांव मे बुधवार रात्रि को कुष्ठ कॉलोनी मे रहने वाली एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने का मामला पुलिस थाने मे दर्ज हुआ है।
थाना अधिकारी देवीसिंह ने बताया कि रामदेवरा के कुष्ठ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस थाने मे उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश कर बताया कि बुधवार रात्रि मे उसकी नाबालिग बहन घर मे सो रही थी, तभी किशन पुत्र किशोर मीणा ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। बहन के विरोध करने पर वह वहां से भाग गया। रामदेवरा पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
Published on:
6 Jul 2018, 12:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.