
सोने-चांदी में जबरदस्त गिरावट। (PC: AI)
भीलवाड़ा। जिस रफ्तार से सोने और चांदी के भाव आसमान छू रहे थे, उसी गति से अब वे लुढ़क कर नीचे आ गए हैं। गुरुवार को भीलवाड़ा के सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और ऊंचे दामों पर खरीदारी करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है। पिछले कुछ दिनों में बाजार का रुख पूरी तरह बदल गया है और तेजी की जगह अब लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार महज 49 दिनों के भीतर सोने के दाम में 33 हजार 500 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी में 1 लाख 80 हजार 500 रुपए प्रति किलोग्राम की ऐतिहासिक गिरावट आई है। इतनी बड़ी गिरावट ने बाजार को झकझोर कर रख दिया है। सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की गिरावट लंबे समय बाद देखने को मिली है, जिससे खरीदार और व्यापारी दोनों ही असमंजस की स्थिति में हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार इस गिरावट के पीछे कई बड़े कारण सामने आए हैं। फरवरी 2026 में आए केंद्रीय बजट के बाद से ही बाजार में भारी प्रॉफिट बुकिंग का दौर शुरू हो गया था। जब सोना और चांदी रेकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे तो निवेशकों ने मुनाफा वसूली करते हुए बड़े स्तर पर बिक्री शुरू कर दी, जिससे भाव नीचे आने लगे।
इसके अलावा अमरिकी डॉलर के लगातार मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाजार पर दबाव बढ़ा है। डॉलर मजबूत होने पर सोने और चांदी में निवेश अपेक्षाकृत कम हो जाता है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ता है। वहीं अमरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की संभावनाएं कम होने से भी निवेशकों का रुझान इन धातुओं से घटा है।
आमतौर पर युद्ध या वैश्विक तनाव के समय सोने-चांदी को सुरक्षित निवेश माना जाता है और इनके भाव तेजी से बढ़ते हैं, लेकिन इस बार स्थिति अलग रही। अमरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव के बावजूद कीमतों में लगातार गिरावट जारी है, जो अर्थशास्त्रियों के लिए भी हैरानी का विषय बना हुआ है।
लगातार बढ़ते भाव को देखकर कई लोगों ने निवेश या शादी-ब्याह के लिए ऊंचे दामों पर सोना-चांदी खरीदा था, जिन्हें अब भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शहर के सर्राफा व्यापारी रिषभ संचेती के अनुसार जिले भर में कई लोगों ने तेजी के दौर में खरीदारी की थी। अब भाव गिरने से न केवल आम ग्राहकों को, बल्कि व्यापारियों को भी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
29 जनवरी को चांदी 4.10 लाख और सोना 1.84 लाख था। 30 जनवरी को चांदी 3.60 लाख और सोना 1.75 लाख पर आ गया। 31 जनवरी को चांदी 2.80 लाख और सोना 1.66 लाख रह गया। 10 फरवरी को चांदी 2.65 लाख और सोना 1.60 लाख दर्ज किया गया। 18 फरवरी को चांदी 2.40 लाख और सोना 1.55 लाख रहा, जबकि 19 मार्च को चांदी 2.29 लाख और सोना 1.50 लाख तक गिर गया। सर्राफा बाजार में इस समय मायूसी का माहौल बना हुआ है।
Published on:
20 Mar 2026 07:00 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
