
कोठारी नदी में सवा लाख पौधे लगाने के लिए हुए टेंडर : न्यास ने लगाई शर्त, ग्रोथ के अनुसार ही होगा ठेकेदार को भुगतान
भीलवाड़ा.
कोठारी नदी को विकसित कर वहां सवा लाख पौधे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए नगर विकास न्यास की ओर से टेंडर हो चुके हैं। न्यास ने काम में पारदर्शिता लाने और निगरानी के लिए ठेकेदार को शर्त भी रखी है। पौधों की ग्रोथ के अनुसार ही उसे भुगतान होगा। अगर पौधों ने ग्रोथ नहीं की तो ठेकेदार का भुगतान अटक जाएगा। पर्यावरण विद बाबूलाल जाजू के सुझाव पर न्यास ने यह काम किया है। जाजू ने ही जिला कलक्टर आशीष मोदी को पत्र लिखकर सुझाव दिया था। उसके अनुसार ही न्यास और नगर परिषद ने यह कार्ययोजना तैयार की। पौधे लगाने का काम बुधवार से शुरू हो जाएगा।
कमेटी की लगेगी मोहर, फिर ही बढ़ेगी फाइल आगे-
कोठारी नदी क्षेत्र में लगाए जा रहे पौधों का रखरखाव कैसा हो रहा है। इसकी निगरानी के लिए एक कमेटी का गठन होगा। इस कमेटी में न्यास, परिषद, सार्वजनिक निर्माण विभाग समेत अन्य एजेंसियों को शामिल किया जाएगा। कमेटी की मोहर के बाद ही ठेकेदार को भुगतान की फाइल आगे बढ़ेगी। उधर, कोठारी नदी से झाडि़यां हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रहा। सोमवार को नगर विकास न्यास व नगर परिषद अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था।
रात में समझाइश पर धरना समाप्त, सुबह फिर अड़े लोग-
जोधड़ास चौराहे से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार शाम को आस्था स्थल को हटाए जाने से विरोध में आए लोग धरने पर बैठ गए थे। रात में समझाइश पर उठ भी गए। लेकिन मंगलवार सुबह टेंट लगाकर धरने पर फिर बैठ गए। पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर व उदयलाल भडाणा ने न्यास से धार्मिक चबूतरा वापस बनाने के साथ ही जमीन देने की मांग रखी।न्यास अधिकारियों ने समझाइश करके मामले को शांत किया। न्यास वहां चबूतरा बनाकर देगी। धर्मस्थल के पास की जमीन भी जैसे थी, वैसे ही रहेगी। इस दौरान न्यास की सचिव रजनी माधीवाल, भीलवाड़ा उपखण्ड अधिकारी डॉ.पूजा सक्सेना, अधीक्षण अभियन्ता जगदीश पलसानिया, डीएसपी रामचंद्र चौधरी समेत सदर थाना पुलिस वहां मौजूद थी।
Published on:
22 Dec 2022 12:12 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
