
Textile Hub Takes Global Flight: Bhilwara to Feature at Bharat Tex 2026
देश की टेक्सटाइल नगरी भीलवाड़ा के कपड़ा उद्योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी छलांग लगाने का मौका मिलने जा रहा है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले वैश्विक महाकुंभ 'भारत टेक्स 2026' के लिए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र ने भीलवाड़ा की वस्त्र एवं औद्योगिक इकाइयों को बुलावा भेजा है।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक केके मीणा ने बताया कि जिले के प्रमुख औद्योगिक संगठनों को एक विशेष पत्र जारी किया गया है। इसमें मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन, लघु उद्योग भारती, सिंथेटिक वीविंग मिल्स एवं जिला लघु उद्योग संघ सहित सभी संगठनों से कहा गया है कि वे अपनी सदस्य इकाइयों को इस बड़े आयोजन का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करें।
'भारत टेक्स' में देश-विदेश की दिग्गज वस्त्र और मशीनरी इकाइयां शिरकत करेंगी। जिला उद्योग केंद्र का प्रयास है कि भीलवाड़ा से अधिकाधिक इकाइयों का प्रतिनिधित्व वहां हो। इसके लिए संगठनों से कहा गया है कि वे इच्छुक टेक्सटाइल इकाइयों के प्रस्ताव 20 फरवरी तक हर हाल में जिला उद्योग केन्द्र को प्रेषित कर दें। यहां से एकत्रित सूचना को जयपुर मुख्यालय भेजी जाएगी।
भीलवाड़ा पूरे देश व विदेश में सूटिंग-शर्टिंग, डेनिम और धागा उत्पादन का एक प्रमुख हब है। 'भारत टेक्स' जैसा ग्लोबल मंच यहां के उद्यमियों के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। इस आयोजन के जरिए भीलवाड़ा के उद्यमियों को न केवल नए विदेशी और घरेलू बाजार मिलेंगे, बल्कि टेक्सटाइल सेक्टर में आ रही नई तकनीकों को अपनाने और बड़े व्यापारिक अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
Published on:
19 Feb 2026 09:20 am
