सुभाषनगर पुलिस ने आरके कॉलोनी में कन्हैयालाल कुमावत की हत्या के मामले का बारह घंटे में बुधवार को खुलासा कर दिया। हत्या के आरोप में चार जनों को गिरफ्तार किया गया। हत्या का कारण आपसी रंजिश सामने आया है। बदला लेने की नीयत से हत्या की गई। एक आरोपी की बहन से मृतक के साथी ने छेड़छाड़ की थी। इस दौरान साथी और कन्हैया को साथ जाते समय रोककर हमला किया गया। साथी भाग गया जबकि बचाव में आए कन्हैया को पीट-पीटकर मार डाला।
थानाप्रभारी नंदलाल रिणवा के अनुसार आरके कॉलोनी के कन्हैयालाल उर्फ पिंटू कुमावत अपने साथी संजय साहू के साथ रात में पैदल घर लौट रहा था। घर से कुछ दूर कुछ लोगों ने दोनों को रोककर हमला कर दिया। इस दौरान संजय भाग गया जबकि कन्हैया की पीटकर हत्या कर दी गई। आरके कॉलोनी में सड़क पर खून से सना शव मिला। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया। मामले में पुलिस लाइन के देवराज उर्फ लोकेश उर्फ भूरिया गुर्जर, आरके कॉलोनी के चंदू उर्फ चांदिया लुहार, हरीश उर्फ अन्नया उर्फ भूरिया नायक तथा राजपूत कॉलोनी सुभाषनगर के दीपक उर्फ दीपू भाटी को गिरफ्तार किया।
होली पर हुई छेड़छाड़
सीआई रिणवा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक कन्हैया के साथी संजय ने होली के दिन एक आरोपी की बहन से छेड़छाड़ की। इससे आरोपी पक्ष रंजिश रखने लगे। बदला लेने की फिराक में था।
बर्थ-डे पार्टी में पी रहे थे शराब, जाते दिखे तो रोका
रात में आरोपी चंदू लुहार के घर बर्थ-डे पार्टी थी। आरोपियों और अन्य लोगों ने साथ बैठकर शराब पी। तभी उनको संजय और कन्हैया घर के बाहर से जाते दिखे। आरोपियों ने उनको रोका। संजय पर सरिये व बल्ले से ताबड़तोड़ वार किया। कन्हैया संजय को बचाने आया। इस दौरान संजय भाग गया जबकि नशे में धुत्त आरोपियों ने कन्हैया की हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने से कन्हैया ने मौके पर दम तोड़ दिया।
मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन, मुआवजे की मांग
पुलिस ने रात में शव मोर्चरी में रखवाया था। इस बीच परिजन और बड़ी संख्या में लोग बुधवार सुबह मोर्चरी के बाहर जमा हो गए। मुआवजे की मांग लेकर पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। माहौल गरमा गया। उपखंड अधिकारी विनोद कुमार व डीएसपी रामचन्द्र चौधरी पहुंचे। सात घंटे की समझाइश के बाद दोपहर में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार कन्हैया तीन भाइयों में एक था। वह पेंटर का काम करता था।